डोटासरा और गहलोत का सरकार पर आरोप, कहा- जनहित योजना को बर्बाद कर रही है बीजेपी सरकार

गहलोत और डोटासरा ने कहा, राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार जनहित की बेहतरीन ‘आरजीएचएस' योजना को बर्बाद करने पर आमादा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Rajasthan Politics: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार (10 जुलाई) को सरकार पर आरोप लगाया कि राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार जनहित की बेहतरीन ‘आरजीएचएस' योजना को बर्बाद करने पर आमादा है. अशोक गहलोत ने आरोप लगाते हुए अपनी बात सोशल मीडिया ऐप एक्स के जरिए कही. इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने भी इस बात को लेकर चिंता जताई है.

निजी अस्पताल को 980 करोड़ का भुगतान नहीं

गहलोत ने इस मुद्दे को उठाते हुए ‘एक्स' पर लिखा,‘‘राजस्थान के निजी अस्पतालों की यूनियन आरएएचए (राजस्थान एलायंस आफ हॉस्पिटल एसोसिएशंस) ने अखबार में विज्ञापन देकर 15 जुलाई से राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना आरजीएचएस के तहत इलाज बंद करने की घोषणा की है. इसका कारण 701 निजी अस्पतालों को सात महीने से 980 करोड़ रुपये का भुगतान भाजपा सरकार द्वारा न करना बताया गया है.''

Advertisement

उन्होंने कहा,‘‘यह दिखाता है कि भाजपा सरकार का प्रबंधन बुरी तरह फेल हो चुका है क्योंकि हर महीने सरकारी कर्मचारियों के वेतन से आरजीएचएस के लिए कटौती होती है पर इसका भुगतान अस्पतालों को नहीं किया जा रहा. जनहित की एक बेहतरीन योजना को भाजपा सरकार बर्बाद करने पर आमादा है.''

कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य सरकार को तत्काल इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए जिससे लाखों सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों एवं उनके परिजनों को अनावश्यक तकलीफ नहीं हो.

सरकार को गंभीरता से समाधान निकालना चाहिए- डोटासरा

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी इसे चिंताजनक बताया है. उन्होंने कहा,‘‘सरकार को जल्द से जल्द इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कोई ठोस समाधान निकालना चाहिए, ताकि लाखों परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहना पड़े.''

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वित्तीय देरी नहीं, बल्कि आमजन की सेहत और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला भी है.

यह भी पढ़ेंः SI पेपर लीक मामले में राजस्थान HC ने सरकार से कहा- जितना आप चाहें उतना ही नहीं...पूरी प्रक्रिया की फाइल पेश करें

Advertisement