अब स्कूलों की बिल्डिंग पर एक्सपायरी डेट भी लिखी जाएगी, मदन दिलावर बोले- कांग्रेस की वजह से भवन मजबूत नहीं बने

दिलावर ने बताया कि स्कूलों के निर्माण सहित अन्य कार्यों में सरकार की ओर से 575 करोड़ रुपए लगाए जा रहे हैं. वहीं, केंद्र सरकार से 1000 करोड रुपए का सहयोग भी मिलेगा.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

राजस्थान के जर्जर स्कूल भवनों के निर्माण करने की तैयारी हो चुकी है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि इन भवनों का जल्द नया निर्माण होगा. खास बात यह है कि इन भवनों पर निर्माण तिथि के साथ एक्सपायरी डेट भी लिखी जाएगी, ताकि भवन की अवधि समाप्त होने पर उस बिल्डिंग का इस्तेमाल बंद कर उसको गिराया जा सके. मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि बच्चों को किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा. इसके लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है.

कांग्रेस के आरोपों पर भी किया पलटवार

शिक्षा और पंचायती राज मंत्री ने कांग्रेस के आरोपों पर भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के वक्त निर्माण करवाए गए स्कूल भवनों में भ्रष्टाचार हुआ है. इसी के चलते स्कूल भवन मजबूत नहीं बन सके, लेकिन अब हमारी सरकार लगातार जर्जर भवनों को दुरुस्त करवाने में जुटी हुई है. मंत्री ने यह भी माना कि कुछ स्कूल जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं, लेकिन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ स्कूलों का कायाकल्प करने में जुटी हुई है. 

धारीवाल ने उठाए थे सवाल

दरअसल, पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल ने विधानसभा में जर्जर स्कूलों के मु्द्दे पर सरकार को घेरा था. उन्होंने स्कूल संचालन समेत अन्य सुविधाओं से बच्चों का वंचित करने का आरोप लगाया था. इस पर दिलावर ने पलटवार करते हुए कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर हमला बोला था.

1500 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे

उन्होंने कहा कि स्कूलों के निर्माण सहित अन्य कार्यों में सरकार की ओर से 575 करोड़ रुपए लगाए जा रहे हैं. वहीं, केंद्र सरकार से 1000 करोड रुपए का सहयोग भी मिलेगा. इससे राजस्थान के स्कूलों का कायाकल्प और संसाधनों में बढ़ोतरी हो सकेगी. 

Advertisement

यह भी पढ़ें- बीकानेर खेजड़ी आंदोलन: सरकार के लिखित आश्वासन के बाद अनशन खत्म, जोधपुर-बीकानेर में कटाई पर पूर्ण रोक