विज्ञापन

एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में किसानों की फिर महापंचायत... आरपार की लड़ाई का ऐलान, अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन

किसान नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बुधवार को भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस और लिखित आश्वासन नहीं मिला, तो किसान मजबूरन आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में रेलवे ट्रैक और सड़कों पर जाम लगाया जा सकता है.

एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में किसानों की फिर महापंचायत... आरपार की लड़ाई का ऐलान, अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन
किसान फिर करेंगे महापंचायात

Hanumangar Ethanol Factory: राजस्थान के हनुमानगढ़ के टिब्बी में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में बुधवार (11 फरवरी) को तलवाड़ा झील की अनाज मंडी में किसानों की विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी. महापंचायत को लेकर जहां किसान संगठन जोर-शोर से जनसंपर्क और भीड़ जुटाने में लगे हुए हैं, वहीं जिला प्रशासन पिछले कई दिनों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर लगातार समीक्षा और तैयारियों में जुटा है.

किसान नेता मंगेज चौधरी ने बताया कि टिब्बी में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री का MOU (समझौता ज्ञापन) रद्द करने और 10 दिसंबर की घटना के बाद किसानों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने को लेकर जब तक प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक किसानों का आंदोलन और महापंचायत जारी रहेगी.

आश्वासन नहीं मिला तो होगी आर-पार की लड़ाई

मंगेज चौधरी ने कहा कि टिब्बी, हनुमानगढ़ और संगरिया में सफल महापंचायतों के बाद अब तलवाड़ा झील में होने वाली इस महापंचायत में भी हजारों किसान जुटने की संभावना है. किसान नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बुधवार को भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस और लिखित आश्वासन नहीं मिला, तो किसान मजबूरन आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में रेलवे ट्रैक और सड़कों पर जाम लगाया जा सकता है. किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी.

वहीं किसान नेता महंगा सिंह ने बताया कि महापंचायत को लेकर क्षेत्र के गांव-गांव में अलग-अलग टीमें बनाकर जनसंपर्क किया जा रहा है. प्रस्तावित फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों में पर्यावरण प्रदूषण, खेती-किसानी पर प्रभाव और भूमि अधिग्रहण को लेकर गहरा रोष है. किसान स्वयं घर-घर जाकर लोगों को महापंचायत का न्योता दे रहे हैं.

प्रशासन महापंचायत को लेकर अलर्ट मोड पर

किसानों के ऐलान के बाद जिला प्रशासन महापंचायत को लेकर अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद विश्नोई ने बताया कि पिछले कुछ दिन से प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्रीय लोगों से अलग-अलग संवाद के दौरान लोगों को बताया गया कि जिला प्रशासन से किसानों की समझौता वार्ता में हुई सहमति पर प्रशासन अडिग है. वहीं महापंचायत को देखते हुए किसी तरह की कोई अफवाह ना फैले इसको लेकर भी टिब्बी क्षेत्र में कल शाम तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है. वहीं किसानों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर करीब 700 सुरक्षा कर्मियों का जाब्ता लगाया गया है. महापंचायत को देखते हुए देर शाम एसडीएम टिब्बी सत्यनारायण सुथार ने बीएनएस की धारा 163 लागू की है, जिसके तहत सार्वजनिक स्थान पर 5 या पांच से अधिक व्यक्तियों के साथ खड़े होने पर पाबंदी लगाई गई है.

जिला प्रशासन ने जारी की अपील

सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय हनुमानगढ़ ने अपील जारी की है कि जिले के राठीखेड़ा में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में 11 फरवरी 2026 को तलवाड़ा झील में महापंचायत प्रस्तावित है. इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा तहसील, उपखण्ड और जिला स्तर पर संवाद किया जा रहा है. प्रशासन ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को 9 और 10 फरवरी को वार्ता के लिए आमंत्रित किया था.

आमजन से अपील की है कि क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य, पर्यावरण और भावनाओं को लेकर सरकार संवेदनशील है. इसी क्रम में गठित उच्च स्तरीय कमेटी द्वारा प्लांट का निरीक्षण कर संघर्ष समिति से वार्ता की गई है और उनकी आशंकाओं को समझा गया है. कमेटी की रिपोर्ट शीघ्र सरकार को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर जारी अपील में कहा है कि सोशल मीडिया पर रेलवे लाइन और सड़क जाम से जुड़े वीडियो प्रसारित हो रहे हैं. ऐसे में प्रशासन ने आमजन, युवाओं और ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे महापंचायत में लोकतांत्रिक तरीके से, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए भाग लें.

यह भी पढ़ेंः सीकर: निर्माणाधीन बिल्डिंग में ट्रॉली गिरने से बड़ा हादसा, विदिशा निवासी 1 मजदूर समेत 2 लोगों की मौत

    Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

    फॉलो करे:
    Close