विज्ञापन
This Article is From Mar 05, 2026

रिश्वतखोर VDO की चालाकी फेल, बेटे ने गड्ढे में छिपाई थी घूस की रकम; ACB ने खोदकर निकाले नोट

Sirohi ACB Trap: सिरोही के अनादरा में 1 लाख की रिश्वत लेते VDO लक्ष्मी लाल और उसका बेटा गिरफ्तार. रिश्वत की रकम जमीन में गाड़ कर छिपाई गई थी, जिसे ACB ने बरामद किया. पढ़ें पूरी खबर...

रिश्वतखोर VDO की चालाकी फेल, बेटे ने गड्ढे में छिपाई थी घूस की रकम; ACB ने खोदकर निकाले नोट
सिरोही में गजब कांड, ACB को देखते ही जमीन में गाड़ दिए 1 लाख रुपये, पिता-पुत्र गिरफ्तार
NDTV Reporter

Rajasthan News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सिरोही जिले में एक ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसकी चर्चा पूरे राजस्थान में हो रही है. रेवदर के अनादरा में तैनात एक ग्राम विकास अधिकारी (VDO) ने रिश्वत की रकम पकड़े जाने के डर से अपने बेटे के जरिए जमीन में दबवा दी थी, जिसे एसीबी ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया है.

प्लॉट की NOC के बदले मांगे थे 1 लाख

मिली जानकारी के अनुसार, परिवादी ने अपनी पत्नी के नाम से ग्राम आमला खेड़ा (अनादरा) में एक आवासीय भूखण्ड खरीदा था. इस प्लॉट पर निर्माण स्वीकृति (NOC) जारी करने और सीमांकन के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सीसी रोड पर कानूनी कार्यवाही नहीं करने की एवज में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) लक्ष्मी लाल 1,00,000 रुपये की रिश्वत मांगकर उसे लगातार परेशान कर रहा था.

बेटे को पैसे देकर भगाया, ACB ने बिछाया जाल

परेशान होकर परिवादी ने एसीबी सिरोही में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी जोधपुर रेंज के डीआईजी भुवन भूषण यादव के निर्देशन और एएसपी रामेश्वरलाल के नेतृत्व में जाल बिछाया गया. जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि दी, आरोपी वी़डीओ लक्ष्मी लाल ने अपने पुत्र अखिलेश कुमार को पैसे देकर मौके से भगा दिया.

पूछताछ में टूटा आरोपी, जमीन से निकली रिश्वत

एसीबी की टीम ने जब वी़डीओ को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की, तो वह टूट गया. उसकी निशानदेही पर उसके बेटे अखिलेश को भी पकड़ा गया. अखिलेश ने कबूला कि उसने पकड़े जाने के डर से रिश्वत के एक लाख रुपये पास ही की कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में जमीन के अंदर गाड़ दिए थे. एसीबी ने मौके पर पहुंचकर गड्ढा खोदकर रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली.

पिता-पुत्र दोनों को ACB ने किया गिरफ्तार

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है. एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और वी़डीओ व उसके पुत्र, दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

ये भी पढ़ें:- जालोर में भूख हड़ताल पर बैठी मां, बहरोड़ पहुंचेंगे CM भजनलाल; दुबई से लौटे 106 श्रद्धालु, पढ़ें 10 बड़ी खबरें

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com