Jodhpur News: पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल शनिवार को जोधपुर सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास से शिष्टाचार मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मानवेंद्र सिंह ने अपनी सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से 'तीसरी निगाह' उन पर नजर रख रही है और एक संदिग्ध स्कॉर्पियो लगातार उनका पीछा करने का प्रयास कर रही है. इस गंभीर मामले की जानकारी उन्होंने पुलिस और संबंधित उच्चाधिकारियों को दे दी है. उन्होंने बताया कि उन्हें पहले भी सतर्क रहने की सलाह दी गई थी, हालांकि पीछा करने वाले कौन हैं, इसके बारे में फिलहाल वह स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कह सकते.
रिफाइनरी हादसे और सरकार की कार्यप्रणाली पर राय
पचपदरा रिफाइनरी में हुए हादसे और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के सवालों पर मानवेंद्र सिंह ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी, लेकिन उन्हें यह विश्वास नहीं है कि वहां इस्तेमाल किया गया स्टील घटिया था. उन्होंने तर्क दिया कि जहां देश के प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित था, वहां इस तरह की लापरवाही की उम्मीद कम ही की जा सकती है. इसके अलावा, राजस्थान में लंबे समय से अटके पंचायती राज चुनाव पर उन्होंने कहा कि देरी सरकार की वजह से नहीं है. ओबीसी आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही चुनाव संभव हैं और जब तक रिपोर्ट नहीं आती, तब तक चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकती.
बंगाल चुनाव और इजराइल-ईरान युद्ध का वैश्विक असर
पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों की संभावनाओं पर मानवेंद्र सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की मेहनत की सराहना की. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि टीएमसी (TMC) का 'रोना' इस बात का संकेत है कि प्रजातंत्र के लिए कुछ अच्छा होने वाला है. वहीं, इजराइल-ईरान युद्ध के कारण बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध से कीमतें प्रभावित होना स्वाभाविक है. उन्होंने वैश्विक स्तर पर चल रही 'दादागिरी' को आम जनता के लिए दुखद बताया और कहा कि असली समस्या युद्ध की स्थिति है, जिससे पूरी दुनिया का बजट बिगड़ रहा है.
ये भी पढ़ें:- धीरेंद्र शास्त्री को अंधविश्वासी बताने वाले IPS पर रेप का केस, महिला बोली- 'सरकारी आवास पर बुलाकर की जबरदस्ती'