राजस्थान के पहले सीएम कौन थे? राज्यपाल ने लिया टीकाराम का नाम तो मुस्कुरा उठे जूली

राजस्थान विधानसभा के 75 साल पूरे होने के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस मौके पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, टीकाराम जूली और कई विधायक भी मौजूद थे.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की बात सुनकर टीकाराम जूली ने ठहाके लगाए.

राजस्थान विधानसभा के सदन में सत्र की बैठकों के दौरान कई बार बयानों का अलग अंदाज़ दिखता है. लेकिन आज बिना सत्र के भी ऐसी ही एक रोचक घटना हुई. आज, 18 मई को विधानसभा के 75 साल पूरे होने पर आयोजित अमृत महोत्सव उद्घोष कार्यक्रम के दौरान सदन में रोचक नज़ारा दिखा. कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री टीकाराम पालीवाल का नाम लिया तो मंच पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी बैठे थे. मिलते हुए नाम की वजह से टीकाराम जूली समेत सभा में मौजूद सभी लोग मुस्कुरा उठे.

पहले सीएम के सवाल में अलग-अलग जवाब 

दरअसल, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राजस्थान के पहले सीएम का नाम पूछा. इस पर सदन में अलग-अलग जवाब सुनाई दिए. कुछ लोगों ने हीरालाल शास्त्री का नाम लिया, जबकि कुछ ने टीकाराम पालीवाल को पहला मुख्यमंत्री बताया. इस पर राज्यपाल ने कहा कि टीकाराम पालीवाल पहले निर्वाचित मुख्यमंत्री थे. तभी दीर्घा में बैठे एक विधायक ने टिप्पणी करते हुए कहा कि अगले सीएम भी टीकाराम ही होंगे. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सामने मंच पर बैठे थे. 

Advertisement

जूली के लिए राज्यपाल बोले- इनका नंबर कब आएगा

इस टिप्पणी के बाद राज्यपाल ने अलग अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "टीकाराम यहां के मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन आगे होंगे कि नहीं, मुझे नहीं मालूम. इनसे पहले तो कई लोग बैठे हैं, इनका नंबर क्या पता कब आएगा? लगता नहीं.” 

राज्यपाल ने बताया महाराष्ट्र वाला दिलचस्प किस्सा

राज्यपाल ने मजाकिया अंदाज में आगे कहा कि राजनीति में परिस्थितियां कब बदल जाएं? प्रतिपक्ष का भी कुछ पता नहीं रहता है. महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मैंने प्रतिपक्ष के 2-2 नेताओं को इस्तीफा देकर सरकार में मंत्री बनते देखा है. जब राज्यपाल ने नेता प्रतिपक्ष की तरफ देखा तो टीकाराम जूली ने भी ना में इशारा कर दिया. हालांकि राज्यपाल ने कहा कि वे राजस्थान की बात नहीं कह रहे है, बल्कि महाराष्ट्र की बात बता रहे हैं. तभी किसी ने कहा कि जूली चाहें तो यहां भी ऐसा हो सकता है. 

यह भी पढ़ेंः पंचायत निकाय चुनाव मामले में अवमानना याचिका पर सुनवाई टली, अब 26 मई को होगी