विज्ञापन

गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार को घेरा, बताया क्यों बीजेपी नहीं कराना चाहती पंचायत चुनाव

गोविंद सिंह डोटासरा ने रिफायनरी के उद्घाटन में हो रही देरी से लेकर बढ़ती महंगाई तक विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी. इस दौरान प्रदेश की भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोला.

गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार को घेरा, बताया क्यों बीजेपी नहीं कराना चाहती पंचायत चुनाव
गोविंद सिंह डोटासरा

Govind Singh Dotasra: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नागौर जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश की भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोला. डोटासरा ने रिफायनरी के उद्घाटन में हो रही देरी से लेकर बढ़ती महंगाई तक विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी. पंचायत चुनावों के मामले में सरकार को घेरते हुए डोटासरा ने कहा कि सरकार के पास आईबी से नेगेटिव रिपोर्ट के कारण सरकार जानबूझकर पंचायत चुनाव नहीं करवा रही है और ओबीसी आयोग का बहाना बना रही है.

कांग्रेस करेगी प्रदेश में आंदोलन

​महंगाई के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए डोटासरा ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने और उनकी कीमतों में 200 रुपये की भारी बढ़ोतरी की कड़ी आलोचना की. इसके साथ ही उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडरों के दामों में 60 रुपये की वृद्धि को जनता पर बोझ बताया. डोटासरा ने कहा कि शादियों की सीजन चल रही है. लोगों को कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं उनको दिक्कत हो रही है. होटलों में सिलेंडर नहीं होने से विदेशी पर्यटको को परेशानी हो रही है. इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए कल से प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत कांग्रेस करेगी.

डिस्टर्ब एरिया बिल पर सरकार की मंशा पर सवाल

डोटासरा ने अशांत क्षेत्र विधेयक (डिस्टर्ब एरिया बिल) को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए. उन्होंने इसे गुजरात मॉडल पर आधारित बताते हुए कहा कि यह केवल हिंदू - मुस्लिम की राजनीति कर रोटियां सेकने का जरिया है. उन्होंने वादा किया कि साल 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार की वापसी होते ही इस बिल को लागू नहीं होने दिया जाएगा.

​आगामी पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को लेकर डोटासरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा. उन्होंने आईबी की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए दावा किया कि आने वाले चुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे एकजुट होकर महंगाई और सरकार की विफलताओं के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं. डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें.

रिफायनरी का काम रोका और अब बनने पर उद्घाटन नहीं

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल के दौरान रिफायनरी के कार्य को जानबूझकर पांच साल तक रोका गया और अब जब यह बनकर तैयार हो चुकी है, तब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके उद्घाटन के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं. मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा में प्रधानमंत्री से समय मांगने की हिम्मत नहीं है, जिसका सीधा असर राजस्थान की जनता पर गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के रूप में पड़ रहा है.

यह भी पढ़ेंः पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर पूर्व विधायक ने सरकार और EC को भेजा लीगल नोटिस, 15 अप्रैल तक नहीं होगा चुनाव

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close