Sukhbir Singh Jaunpuria: राजस्थान के टोंक के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता सुखबीर सिंह जौनपुरिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. जौनपुरिया ने एक कार्यक्रम में कंबल बांट रहे थे. वहीं एक महिला से उसका नाम पूछने के बाद जौनपुरिया ने कथित रूप से महिला से कंबल वापस यह कह कर ले लिया कि जो लोग पीएम को गाली देते हैं, उन्हें कंबल लेने का अधिकार नहीं है. वहीं इस मामले में जौनपुरिया ने सफाई में कहा है कि यह कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह पूरी तरह से निजी कार्यक्रम था. अब इस मामले में राजस्थान कि सियासत में बवाल मचा हुआ है.
इस मामले में विपक्ष के नेता हमलावर हो रहे हैं. वहीं इस मामले में सवाई माधोपुर लोकसभा सांसद हरीश चन्द्र मीना जी ने निवाई क्षेत्र के ग्राम करेडा बुजुर्ग के साथ घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरी चिंता और कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है. सांसद मीना ने इस कृत्य को न केवल अमानवीय और असंवेदनशील बताया, बल्कि संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा आघात करार दिया है.

प्रधानमंत्री को कार्रवाई के लिए लिखा पत्र
सांसद मीना ने इस संबंध में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा पूर्व सांसद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि देश में स्पष्ट संदेश जाए कि धर्म, जाति या राजनीतिक विचारधारा के आधार पर किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है.
सांसद महोदय ने पत्र में लिखा है कि यदि सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रभावशाली लोग समाज को धर्म और विचारधारा के आधार पर बांटने का प्रयास करेंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तो इससे सामाजिक सौहार्द, आपसी विश्वास और देश की एकता पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा. एक जनप्रतिनिधि रह चुके व्यक्ति द्वारा इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए अत्यंत चिंताजनक है.
सांसद मीना ने कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव से है, और इसे कमजोर करने वाली किसी भी मानसिकता के विरुद्ध सख्त कदम उठाना आवश्यक है. पूर्व सांसद के इस व्यवहार से प्रधानमंत्री जी की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है और देश की छवि भी प्रभावित हुई है.
उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री से इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है.
यह भी पढ़ेंः 'विधानसभा को मजाक बना रखा है!' मंत्री ने अशोक गहलोत के बारे में ऐसा क्या कहा कि भड़क गए टीकाराम जूली