विज्ञापन

सीएम भजनलाल की अपील- रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम एक पेड़ लगाएं, इस साल 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य

सीएम भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा बैठक की. प्रदेश में अब तक 7 करोड़ 58 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं.

सीएम भजनलाल की अपील- रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम एक पेड़ लगाएं,  इस साल 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य
सीएम ने 'हरियालो राजस्थान अभियान' पर समीक्षा बैठक की.

सीएम भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा बैठक की. बैठक में अभियान के तहत अब तक हुए पौधारोपण, पौधों की देखभाल और आगामी लक्ष्य को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई. सीएम ने निर्देश दिए कि इस वर्ष प्रदेश में 10 करोड़ से अधिक पौधों का पौधारोपण किया जाए. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 'हरियालो राजस्थान अभियान' के तहत प्रदेश में अब तक 7 करोड़ 58 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं. मुख्यमंत्री ने शेष लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पौधारोपण अभियान को आगे बढ़ाएं.

पौधों की देखभाल पर भी जोर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की उचित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना जरूरी है. उन्होंने अधिकारियों को पौधों की नियमित निगरानी करने और उनके संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने अभियान में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान को केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि लगाए गए पौधों के जीवित रहने और विकसित होने पर भी ध्यान दिया जाए.

रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम लगाएं एक पेड़

मुख्यमंत्री ने आमजन को भी हरियालो राजस्थान अभियान से जोड़ने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाए. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम एक पेड़ लगाने का आह्वान किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रक्षाबंधन के अवसर पर पौधारोपण करने वाले भाई-बहनों को सम्मानित किया जाए, ताकि पौधारोपण को सामाजिक और पारिवारिक परंपरा से जोड़कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जा सके.

विभागों के बीच समन्वय के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की भूमिका और पौधारोपण अभियान की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखा जाए और पौधारोपण के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा किया जाए.  

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में अलवर समेत कई जिलों में भारी बारिश, जयपुर में मोती डूंगरी रोड डूबी, पारा 38 डिग्री तक पहुंचा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close