Health News: आयुर्वेद में प्रकृति से मिलने वाली जड़ी बूटियों और खाद्य पदार्थों का उपयोग लंबे समय से रोगों के उपचार के लिए किया जाता रहा है. हमारी रसोई में मौजूद कई चीजें ऐसी होती हैं जो नियमित सेवन से शरीर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं. लहसुन और शहद भी ऐसे ही दो प्राकृतिक तत्व हैं जो लगभग हर घर में आसानी से मिल जाते हैं. इन दोनों का मिश्रण शरीर के लिए काफी लाभकारी माना जाता है.
लहसुन में छिपे हैं कई औषधीय गुण
लहसुन का उपयोग आमतौर पर सब्जियों और व्यंजनों में स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है लेकिन आयुर्वेद में इसे औषधि के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है.
विशेषज्ञों के अनुसार लहसुन में एलिसिन नाम का तत्व पाया जाता है जो एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबायोटिक की तरह काम करता है. यह शरीर में रक्त संचार को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है और रक्त को गाढ़ा होने से भी रोकता है. इसके अलावा लहसुन में ऑक्सीजन सल्फर और कई अन्य रासायनिक तत्व होते हैं जो इसे जीवाणुरोधी और रोग प्रतिरोधक गुण प्रदान करते हैं.
शहद भी है सेहत का खजाना
शहद को प्रकृति का अमृत माना जाता है. इसमें फ्लेवोनोइड्स और पॉलीफेनोल्स जैसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं. शहद में एंटीबैक्टीरियल एंटीवायरल और एंटीफंगल गुण भी होते हैं जो कई तरह के संक्रमण और त्वचा संबंधी समस्याओं से बचाव में मदद करते हैं.
लहसुन और शहद का मिश्रण क्यों है खास
जब लहसुन और शहद को एक साथ मिलाकर रखा जाता है तो इनके गुण और प्रभाव बढ़ जाते हैं. पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में इस मिश्रण को शरीर के लिए बेहद उपयोगी माना गया है.
यह मिश्रण श्वसन संबंधी समस्याओं सर्दी जुकाम और खांसी के लक्षणों को कम करने में मदद करता है. इसके अलावा यह रक्त को पतला बनाए रखने में सहायक होता है जिससे स्ट्रोक का खतरा कम हो सकता है. उच्च रक्तचाप गठिया दांत दर्द कब्ज और संक्रमण जैसी समस्याओं में भी इसका सेवन लाभकारी माना जाता है.
ऐसे तैयार करें यह मिश्रण
इसके लिए कांच की साफ बरनी में ताजा लहसुन की कलियों को छीलकर डाल दें. इसके बाद उसमें शुद्ध शहद भरकर 5 से 7 दिन के लिए ढककर रख दें. फर्मेंट होने के बाद सुबह खाली पेट इसका सेवन किया जा सकता है. हालांकि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
यह भी पढ़ें- Rajasthan: जयपुर का अनोखा घर ‘फुटबॉल भवन' जहां हर कोना फुटबॉल से सजा है