Health News: सुबह की शुरुआत हो या दिनभर की थकान मिटानी हो, चाय की एक प्याली कई लोगों की पसंद होती है. भारत में बड़ी संख्या में लोग दिन में दो या तीन बार चाय पीते हैं. हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि चाय पीने का सही समय भी स्वास्थ्य के लिए उतना ही महत्वपूर्ण होता है. विशेषज्ञों के अनुसार खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीने की आदत सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकती है.
दरअसल चाय में कैफीन और टैनिन जैसे तत्व मौजूद होते हैं. ये तत्व शरीर में भोजन के पाचन की प्रक्रिया को धीमा कर सकते हैं. अगर कोई व्यक्ति खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीता है तो पेट में भारीपन और अपच की समस्या हो सकती है. खासतौर पर चावल खाने के बाद तुरंत चाय पीना पाचन तंत्र के लिए ज्यादा नुकसानदेह माना जाता है.
डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के मरीजों को सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि डायबिटीज के मरीजों के लिए यह आदत और भी खतरनाक हो सकती है. खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीने से ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है. इसके अलावा चाय में मौजूद कैफीन शरीर में तनाव और स्ट्रेस बढ़ाने का कारण भी बन सकता है.
लगातार ऐसी आदत रखने से पेट दर्द, एसिडिटी और अपच जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं. चाय में मौजूद फॉस्फोरिक एसिड हड्डियों के स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है. वहीं कैफीन का ज्यादा सेवन ब्लड प्रेशर बढ़ाने की वजह बन सकता है.
ज्यादा मीठी चाय और कॉफी से भी बढ़ता है खतरा
स्वास्थ्य से जुड़ी एक रिपोर्ट के अनुसार दिन में ज्यादा मीठी चाय, कॉफी या सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन करने से मोटापा और टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है. इनमें मौजूद सुक्रोज लीवर, मांसपेशियों और छोटी आंत पर नकारात्मक प्रभाव डालता है.
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि चाय पीनी हो तो खाने के कम से कम 30 से 40 मिनट बाद पीना बेहतर रहता है. साथ ही चीनी कम करके या बिना चीनी की चाय पीना सेहत के लिए ज्यादा अच्छा माना जाता है. इसके अलावा सॉफ्ट ड्रिंक्स और अधिक मीठे पेय पदार्थों से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में होंडा बनाएगा पहला इलेक्ट्रिक वाहन, CM भजनलाल शर्मा ने किया मॉडल का अनावरण