Rajasthan: बिजली चोरी रोकने गए डिस्कॉम AEN से मारपीट, युवक ने कॉलर पकड़कर मारा थप्पड़; सरकारी कागजात फाड़े

घटना का एक 1 मिनट 39 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी युवक सरेआम अधिकारी का कॉलर पकड़े हुए बहस करता दिख रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
बाड़मेर में बिजली चोरी पकड़ने गए AEN का कॉलर पकड़ा और जड़ दिया थप्पड़
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है. जिले के सीमावर्ती सेड़वा उपखंड में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने गई डिस्कॉम (Discom) की टीम पर हमला कर दिया गया है. भीड़ के बीच एक युवक ने न केवल सहायक अभियंता (AEN) का कॉलर पकड़ा, बल्कि सरेआम उन्हें थप्पड़ भी जड़ दिया है. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

क्यों भड़का विवाद?

जानकारी के अनुसार, सेड़वा डिस्कॉम कार्यालय के सहायक अभियंता (AEN) अशोक कुमार अपनी टीम के साथ 'लखमीरों की ढाणी' पहुंचे थे. उन्हें इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बिजली कनेक्शनों की शिकायत मिली थी. जांच के दौरान टीम ने एक मकान में सीधे केबल डालकर बिजली चोरी होते रंगे हाथों पकड़ा था. नियमों के तहत जब टीम ने मीटर और अवैध केबल जब्त करना शुरू किया, तो वहां मौजूद ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. टीम को जाने से रोकने के लिए डिस्कॉम की गाड़ी के आगे स्कूटी लगा दी गई.

Advertisement

1 मिनट 39 सेकंड का वायरल वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि करमचंद नाम का युवक अधिकारियों से उलझ रहा है. वह चिल्लाते हुए पूछ रहा है कि बिल बकाया नहीं होने पर कनेक्शन क्यों काटा गया, जबकि AEN उसे बार-बार चोरी के सबूत (वीडियो/फोटो) दिखा रहे थे. बहस के दौरान अचानक युवक ने आव देखा न ताव, सीधा AEN अशोक कुमार का कॉलर पकड़ लिया और उन्हें जोरदार थप्पड़ मार दिया. इस दौरान आरोपी ने सरकारी फाइलों को भी छीनकर फाड़ दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

पुलिस ने आकर आरोपी को पकड़ा

सेड़वा डिस्कॉम के सहायक अभियंता अशोक कुमार ने कहा, 'युवक ने न केवल मारपीट की बल्कि सरकारी कागजात फाड़कर राजकार्य में बाधा पहुंचाई. हमें मजबूरन पुलिस की मदद लेनी पड़ी.' मामले की गंभीरता को देखते हुए सेड़वा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. थानाधिकारी प्रभुराम के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी करमचंद को दस्तयाब कर लिया.

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने राजकार्य में बाधा, सरकारी कर्मचारी से मारपीट और सरकारी दस्तावेज नष्ट करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी को फिलहाल शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है और जब्त किया गया माल पुलिस ने डिस्कॉम को सुपुर्द कर दिया है.

ये भी पढ़ें:- 'छत से लेकर थाली के अनाज तक'... जनगणना 2027 में पूछे जाएंगे ये 33 सवाल, जानें कैसे होगी गिनती आपकी

Advertisement

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.