Rajasthan: बिजली विभाग ने दिया उपभोक्ताओं को करंट, कार्रवाई होते ही मचा गांव में हड़कंप

अलवर के रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा और मुबारिकपुर में गुरुवार को बिजली विभाग ने ऐसा ‘करंट’ दौड़ाया कि बकायेदारों के होश उड़ गए.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Rajasthan News: प्रदेश में बिजली व्यवस्था को लेकर हमेशा से सवाल उठते आए हैं. लेकिन परेशानी यह भी है कि बिजली बिल भरने की नौबत आती है तो उपभोक्ता चुप हो जाते हैं. अलवर के रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा और मुबारिकपुर में गुरुवार को बिजली विभाग ने ऐसा ‘करंट' दौड़ाया कि बकायेदारों के होश उड़ गए. सहायक अभियंता ओमप्रकाश अग्रवाल के निर्देशन में चली सख्त कार्रवाई में एक हजार रुपए से ज्यादा बकाया रखने वालों पर सीधा डंडा चला. मौके पर ही 17 बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जबकि खेतों में लगे 5 कृषि ट्रांसफार्मर भी उतार लिए गए.

कनिष्ठ अभियंता सोनू शर्मा के नेतृत्व में तकनीकी टीम ने घर-घर दस्तक दी. टीम में प्रेमसिंह, रोहिताश चौधरी, मनोज कुमार और सुपरवाइजर जयसिंह बंसल शामिल रहे. नौगांवा थाना पुलिस भी साथ रही, जिससे कार्रवाई के दौरान कोई विवाद न हो. जैसे ही विभागीय गाड़ी गांव में दाखिल हुई, बकायेदारों में हलचल मच गई. कई उपभोक्ता मौके पर ही बिल जमा कराने दौड़े, लेकिन जिन्होंने आनाकानी की, उनके कनेक्शन तुरंत काट दिए गए.

बकायेदारों को दी गई थी चेतावनी

विभाग के अनुसार सभी बकायेदारों को पहले ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से चेतावनी दी जा चुकी थी. फीडर इंचार्ज ने साफ संदेश दिया था कि एक हजार रुपए से अधिक बकाया रखने वालों पर कार्रवाई होगी. बावजूद इसके बिल जमा नहीं कराने वालों को अब अतिरिक्त 1650 रुपए रीकनेक्शन चार्ज भी देना होगा.

कृषि कनेक्शनों के भी ट्रांसफार्मर उतारे गए

सबसे ज्यादा असर कृषि कनेक्शन पर देखने को मिला. जिन खेतों में ट्रांसफार्मर लगे थे और बकाया राशि लंबित थी, वहां से पांच ट्रांसफार्मर उतार लिए गए. इससे अन्य किसानों में भी संदेश गया कि अब ढिलाई नहीं चलेगी. बिजली विभाग ने साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. समय पर बिल जमा कराने वाले उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं होगी, लेकिन बकाया रखने वालों पर सख्ती तय है. फिलहाल नौगांवा और मुबारिकपुर में विभाग की इस कार्रवाई की चर्चा जोरों पर है.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में प्राइवेट बस हड़ताल के बीच शुरू हुआ ई-बसों का ट्रायल, मिली है 675 बसों की स्वीकृति