Rajasthan: 'आप लोग रोज आदमी मरवाते हो और माफिया से पैसे भी लेते हो...', बांदीकुई विधायक के इस बयान ने मचाया हड़कंप

मुही गांव में शहीद स्कूल के कार्यक्रम में पहुंचे विधायक ने अवैध खनन पर अपनी ही जनता को सरेआम लपेट लिया. उन्होंने यह तक कह दिया कि 'अगर जमीर मर गया है इसका इलाज मेरे पास नहीं है.'

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
दौसा: बांदीकुई विधायक भागचंद टाकड़ा ने अवैध खनन पर दिखाई सख्ती, तहसीलदार को मौके पर ही दिए रुकवाने के निर्देश.
NDTV Reporter

Dausa News: राजस्थान के दौसा जिले से बांदीकुई विधायक भागचंद टाकड़ा (Bhagchand Takda) का एक बेहद चौंकाने वाला बयान सामने आया है. गुरुवार को मुही गांव में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अवैध खनन के मुद्दे पर अपनी ही जनता और प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया. विधायक ने जिस अंदाज में ग्रामीणों और माफियाओं की सांठगांठ का पर्दाफाश किया, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.

'माफिया से पैसे लेते हो और रिपोर्ट दर्ज नहीं कराते'

मामला मुही गांव के शहीद राजेंद्र प्रसाद मीणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है, जहां विधायक कक्षा कक्ष और लाइब्रेरी का उद्घाटन करने पहुंचे थे. मंच से भाषण देते हुए विधायक अचानक अवैध खनन पर उखड़ गए. उन्होंने हाल ही में अवैध खनन के ट्रैक्टर से हुई एक युवक की मौत का जिक्र करते हुए ग्रामीणों को आड़े हाथों लिया. विधायक ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि लोग माफियाओं से 'सेटिंग' कर लेते हैं और अपनों की मौत पर भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराते.

Advertisement

'जमीर मर गया है तो उसका इलाज मेरे पास नहीं'

विधायक भागचंद टाकड़ा ने कड़े लहजे में कहा, 'आप लोग रोज आदमी मरवाते रहो, रिपोर्ट मत करवाओ और माफिया से पैसे लेते रहो. अगर आप लोगों का जमीर ही मर गया है, तो उसका इलाज मेरे पास नहीं है.' विधायक के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग सन्न रह गए. उन्होंने साफ कहा कि जब जनता खुद ही माफिया के खिलाफ खड़ी नहीं होगी, तो प्रशासन अकेले कुछ नहीं कर पाएगा.

तहसीलदार को ऑन-द-स्पॉट अल्टीमेटम

मंच पर तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विधायक ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने तहसीलदार को मौके पर ही सख्त निर्देश दिए कि मुही क्षेत्र में अवैध खनन पर तत्काल लगाम लगाई जाए. विधायक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भविष्य में अगर इस तरह की अवैध गतिविधि की सूचना मिली, तो अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.