विज्ञापन
This Article is From Feb 04, 2026

MLA फंड घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक बलजीत यादव को हिरासत में लिया , जानें पूरा मामला

मामला कुल 3 करोड़ 72 लाख रुपये के घोटाले से जुड़ा हुआ है. बताया जाता है कि स्कूलों में फर्जी फर्म से टेंडर लेकर क्रिकेट किट और बैडमिंटन किट में घोटाला किया. ढाई गुना तक महंगे सामान ख़रीद गए. 

MLA फंड घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक बलजीत यादव को हिरासत में लिया , जानें पूरा मामला
ईडी की हिरासत में पूर्व विधायक बलजीत यादव

Rajasthan News: एमएलए फंड (MLA Fund) के दुरुपयोग के मामले में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की है. जानकारी के मुताबिक, ईडी ने मंगलवार को बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को एमएलए फंड के दुरुपयोग मामले में हिरासत में लिया है. इससे पहले पिछले साल ईडी ने बलजीत यादव और उसके सहयोगियों के जयपुर में 08 और दौसा व अलवर में एक-एक ठिकाने पर छापेमारी की थी. छापमारी के दौरान ईडी ने 31 लाख रुपये नकद और बड़ी संख्या में अहम दस्तावेज जब्त किए थे. 

 मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, ED की जयपुर जोनल इकाई ने मंगलवार देर शाम यह कार्रवाई ACB की दर्ज FIR के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की है. बलजीत यादव पर सरकारी स्कूलों में घटिया खेल सामग्री की आपूर्ति कर MLA फंड के दुरुपयोग का आरोप है. जांच में पता चला कि अलवर जिले की 32 सरकारी स्कूलों में घटिया खेल सामग्री सप्लाई की गई. खेल सामग्री की आपूर्ति पूर्व विधायक के सहयोगियों और रिश्तेदारों की फर्मों के माध्यम से कराई गई थी. 

घटिया क्वालिटी के खरीदी गई सामाग्री

जांच में सामने आया कि सामग्री बाजार मूल्य से ढाई गुना तक महंगी खरीदी गई और क्वालिटी घटिया थी. सप्लाई पूर्व विधायक के सहयोगियों, रिश्तेदारों और निकट परिचितों की फर्मों के माध्यम से की गई, जिनमें बालाजी कम्पलीट सोल्यूशन्स प्रा. लि., सूर्य इंटरप्राइजेज, राजपूत स्पोर्ट्स इंटरप्राइजेज और शर्मा स्पोर्ट्स इंटरप्राइजेज शामिल हैं. ACB ने इन फर्मों के संचालकों के अलावा शिक्षा विभाग के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों को भी आरोपी बनाया था.

कितने करोड़ का है घोटाला

ACB ने इस मामले में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की थी और उसी के आधार पर ED मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच कर रही थी. मामला कुल 3 करोड़ 72 लाख रुपये के घोटाले से जुड़ा हुआ है. बताया जाता है कि स्कूलों में फर्जी फर्म से टेंडर लेकर क्रिकेट किट और बैडमिंटन किट में घोटाला किया. बता दें कि बलजीत यादव बहरोड़ से निर्दलीय चुनाव लड़े थे और 2018 से 2023 तक विधायक रहे. उस समय उन्होंने बाहर से कांग्रेस का समर्थन किया था . बलजीत यादव पहले भ्रष्टाचार विरोधी छवि के लिए चर्चित रहे थे. उन्होंने काले कपड़े पहनकर भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किया था और जानकारी देने वालों को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की थी, लेकिन अब खुद पर करोड़ों के घोटाले का आरोप लगने से उनकी छवि पर सवाल उठ रहे हैं. 

यह भी पढे़ं- पंजाब नेशनल बैंक में बड़ा फ्रॉड, किसी के लॉकर से सोना गायब तो किसी के नाम पर फर्जी लोन; 60 करोड़ का फर्जीवाड़ा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com