विज्ञापन

जयपुर में बुजुर्ग दंपती को 5 दिन तक बनाया बंधक, 48 लाख वसूले; बदमाशों ने कहा- 'पुलिस को बताया तो बम से उड़ा देंगे

जयपुर के भांकरोटा में बुजुर्ग दंपती के अपहरण और 48 लाख की फिरौती का सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्रॉपर्टी के बहाने बंधक बनाकर बम से उड़ाने की धमकी दी है.

जयपुर में बुजुर्ग दंपती को 5 दिन तक बनाया बंधक, 48 लाख वसूले; बदमाशों ने कहा- 'पुलिस को बताया तो बम से उड़ा देंगे
Jaipur Crime News
NDTV

राजस्थान की राजधानी जयपुर से अपहरण और जबरन वसूली का एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम जनता दोनों को हिलाकर रख दिया है. यहां बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपती को झांसा देकर पांच दिनों तक बंधक बनाए रखा और उनसे करीब 48 लाख रुपये की फिरौती वसूल ली. इतना ही नहीं, बदमाशों ने दंपती को खौफनाक धमकी दी कि अगर पुलिस के पास गए तो उन्हें बम से उड़ा दिया जाएगा, जिससे उनका डीएनए (DNA) तक नहीं मिलेगा. घटना के करीब 7 दिन बाद एक परिचित की मदद से मुक्त होकर लौटे दंपती ने भांकरोटा थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है.

प्रॉपर्टी खरीदने के बहाने बुलाया और कर लिया अगवा

डीसीपी वेस्ट (DCP West) प्रशांत किरन ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पीड़ित बुजुर्ग दंपती ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. रिपोर्ट के अनुसार, कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन्हें एक प्रॉपर्टी खरीदने और सौदा पक्का करने के बहाने बुलाया था. जैसे ही दंपती वहां पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें हथियारों के बल पर बंधक बना लिया.

5 दिन तक बंधक बनाकर वसूली भारी रकम

बदमाशों ने दंपती को एक अज्ञात स्थान पर पांच दिनों तक कैद करके रखा, इस दौरान उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी गईं और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बदमाशों ने दंपती से करीब 47 से 48 लाख रुपये की मोटी रकम लूट ली और जबरन ट्रांसफर करवा लिए, रकम वसूलने के बाद भी बदमाशों का खौफ कम नहीं हुआ; उन्होंने दंपती को किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने पर चीथड़े उड़ाने की धमकी दी,

7 दिन बाद परिचित की मदद से मिली मुक्ति

घटना के बाद सहमे हुए दंपती जैसे-तैसे करीब 7 दिन बाद अपने एक परिचित की सहायता से सुरक्षित वापस लौटे. घर लौटने और खुद को सुरक्षित महसूस करने के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाई और भांकरोटा थाना पुलिस की शरण ली.

बिहार समेत कई राज्यों में पुलिस की छापेमारी

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है. डीसीपी प्रशांत किरन के निर्देश पर 6 से 7 विशेष टीमों का गठन किया गया है. पुलिस की ये टीमें राजस्थान के अलावा बिहार और अन्य पड़ोसी राज्यों में संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं. पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है, जिनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरी गैंग सलाखों के पीछे होगी और लूटी गई रकम बरामद कर ली जाएगी.

यह भी पढ़ें: झालावाड़: मनरेगा में बड़ा खेल! सरपंच पर सचिव के फर्जी साइन कर मस्टररोल निकालने का आरोप, मौके से मजदूर गायब

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close