विज्ञापन

जयपुर पुलिस के डर से बीहड़ में भागा फिर कोर्ट में किया सरेंडर, गर्भवती महिला से छेड़छाड़ करने वाला पहुंचा जेल

जयपुर के मालवीय नगर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ करने वाला मुख्य आरोपी राहुल पुलिस के डर से मुरैना कोर्ट में सरेंडर कर चुका है. जयपुर पुलिस अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी में है.

जयपुर पुलिस के डर से बीहड़ में भागा फिर कोर्ट में किया सरेंडर, गर्भवती महिला से छेड़छाड़ करने वाला पहुंचा जेल
जयपुर में प्रेग्नेंट महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी ने मानी हार, MP जाकर मुरैना कोर्ट में किया सरेंडर
NDTV Reporter

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के मालवीय नगर में एक गर्भवती महिला के साथ सरेराह छेड़छाड़ करने वाले मुख्य आरोपी राहुल गुर्जर ने आखिरकार हार मान ली है. जयपुर पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी के डर से आरोपी राहुल ने मध्य प्रदेश के मुरैना कोर्ट में बुधवार शाम आत्मसमर्पण कर दिया है. कोर्ट ने उसे एमपी के ही एक पुराने मामले में जेल भेज दिया है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि राहुल ने यह सरेंडर एक साजिश के तहत किया है ताकि वह जयपुर पुलिस की तत्काल हिरासत से बच सके, लेकिन जयपुर पुलिस अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है.

बीहड़ों और पांच शहरों तक पीछा

जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश और डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा के सुपरविजन में पुलिस टीमों ने आरोपी का साये की तरह पीछा किया. आरोपी राहुल जयपुर से भागकर बारां, धौलपुर, चित्तौड़गढ़ और फिर भिंड-मुरैना के बीहड़ों में जाकर छिप गया था. डीएसटी ईस्ट और जवाहर सर्किल थाने की टीम लगातार उसे ट्रैक कर रही थी। पुलिस के दबाव को देखते हुए आरोपी अपने वकील के साथ गुपचुप तरीके से कोर्ट पहुंच गया और सरेंडर कर दिया.

कैसे शुरू हुआ पूरा मामला

यह शर्मनाक घटना मालवीय नगर इलाके में रविवार को हुई थी, जहां राहुल गुर्जर ने एक गर्भवती महिला को पीछे से पकड़कर गलत हरकत की थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई. जांच में पता चला कि आरोपी राहुल गुर्जर मध्य प्रदेश के ग्वालियर (बिजौली) का रहने वाला है और उस पर लूट, डकैती व मारपीट के कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं.

लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई. आरोप है कि जवाहर सर्किल थाने के एएसआई महेश चंद्र और हेड कांस्टेबल अंगदराम मीणा ने आरोपी को पकड़ने के बाद भी बिना कार्रवाई के छोड़ दिया था. इस पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने दोनों को तुरंत सस्पेंड कर दिया है. फिलहाल, गर्भवती महिला की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस राहुल गुर्जर को जयपुर लाकर सख्त पूछताछ करेगी.

ये भी पढ़ें:- कोटा में डिवाइडर फांदकर दूसरी तरफ जा गिरी स्लीपर बस, 3 की मौत और 23 घायल; गैलरी में भी भरी थीं सवारियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com