Jaipur News: राजधानी जयपुर के खो नागोरिया इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई. एक अपार्टमेंट की आठवीं मंज़िल से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतका की पहचान उर्मिला गोड़ के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ अपार्टमेंट की आठवीं मंज़िल पर रहती थीं. जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे उर्मिला बालकनी में किसी काम से गई थीं. इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आने से संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ग्राउंड फ्लोर पर गिर गईं.
काफी तनाव में चल रही थीं महिला
तेज धमाके की आवाज सुनकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग तुरंत बाहर निकल आए और लहूलुहान हालत में पड़ी महिला को तुरंत जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर खो नागोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
चक्कर आने से गिरने का बताया जा रहा है
थानाधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि कुछ दिन पहले ही मृतका के पति दिलीप कुमार एक आपराधिक मामले में जेल गए थे, जिसके बाद से वह काफी तनाव में चल रही थीं. महिला अपने पति और पढ़ाई कर रहे बेटे अंकित के साथ फ्लैट में रहती थीं. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. प्रारंभिक जांच में हादसा चक्कर आने से गिरने का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस आत्महत्या की आशंका को भी ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान बीजेपी की नई प्रदेश कार्यसमिति, कांग्रेस से आये नेताओं को भी मिली जगह; हर जिले को प्रतिनिधित्व