विज्ञापन

Jaipur SKIT College Bomb Threat: 'सिर्फ मुस्लिम छात्रों को बाहर निकालें...', जयपुर के SKIT कॉलेज में 6 RDX ब्लास्ट और सुसाइड अटैक की धमकी

RDX Bomb Threat in Rajasthan: जयपुर के SKIT कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला है. मेल में RDX और सुसाइड अटैक की बात कही गई है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं.

Jaipur SKIT College Bomb Threat: 'सिर्फ मुस्लिम छात्रों को बाहर निकालें...', जयपुर के SKIT कॉलेज में 6 RDX ब्लास्ट और सुसाइड अटैक की धमकी
जयपुर: SKIT कॉलेज को दहलाने की धमकी, ईमेल में RDX और सुसाइड अटैक का जिक्र
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित SKIT इंजीनियरिंग कॉलेज को एक बेहद डरावना और आपत्तिजनक धमकी भरा ईमेल मिला है. इस ईमेल के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. ईमेल भेजने वाले ने न केवल धमाकों की चेतावनी दी है, बल्कि सांप्रदायिक टिप्पणी करते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की है.

ईमेल में 'RDX' और 'सुसाइड अटैक' का जिक्र

कॉलेज के प्रिंसिपल को भेजे गए इस ईमेल में दावा किया गया है कि परिसर में 6 RDX बम (IEDs) फिट कर दिए गए हैं. इतना ही नहीं, ईमेल में 'श्रीलंकाई ईस्टर धमाकों' की तरह सुसाइड अटैक (आत्मघाती हमले) की भी धमकी दी गई है. ईमेल में कुछ राजनीतिक और व्यक्तिगत नामों का जिक्र करते हुए तमिलनाडु पुलिस और अन्य विवादों का हवाला दिया गया है, जिसे एजेंसियां फिलहाल संदिग्ध मान रही हैं.

सांप्रदायिक आधार पर छात्रों को बांटने की कोशिश

धमकी देने वाले ने ईमेल में लिखा है कि 'सिर्फ मुस्लिम छात्रों को ही बाहर निकालें', जो स्पष्ट रूप से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और दहशत पैदा करने की एक गहरी साजिश की ओर इशारा करता है. पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि क्या यह किसी शरारती तत्व द्वारा समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास है.

सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

धमकी मिलने के बाद से ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड कॉलेज परिसर में गहन तलाशी अभियान (Search Operation) चला रहे हैं. पुलिस की साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस करने में जुटी है ताकि 'रमीज़ा हुसैन' के नाम से भेजे गए इस मेल के असली हैंडलर का पता लगाया जा सके.

अधिकारियों का बयान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली नजर में यह एक 'हॉक्स मेल' (अफवाह फैलाने वाला मेल) लग रहा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है. छात्रों और परिजनों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.

ये भी पढ़ें:- भिवाड़ी अग्निकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मैनेजर अभिनंदन और लीज होल्डर गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close