Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के दो बड़े इलाकों- अजमेरी गेट और जवाहर नगर- के लिए बड़ी खबर है. अगर आप इन इलाकों में रहते हैं, तो कल यानी 1 अप्रैल से आपकी सुबह की दिनचर्या बदलने वाली है. जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने जलापूर्ति की व्यवस्था में एक बड़ा फेरबदल किया है. अब आपको पानी के लिए सुबह-सुबह बाल्टियां लेकर तैयार होने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि विभाग ने सप्लाई का वक्त पूरी तरह बदल दिया है.
इन मोहल्लों पर पड़ेगा सीधा असर
प्रशासन के इस फैसले का असर अजमेरी गेट (उत्तर) और जवाहर नगर (दक्षिण) के कई प्रमुख हिस्सों पर पड़ेगा. एम.आई. रोड के उत्तरी भाग में स्थित वाल्मीकि कॉलोनी, कप्तान जी का हत्था, लड़ी वालों की बगीची, जुम्मा बाजार और कड़वी मंडी के घरों में अब नए समय पर नल खुलेंगे. वहीं, जवाहर नगर के केंद्रीय कारावास, सुदामापुरी, अग्रवाल कॉलेज और मीणा मोहल्ला जैसे क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी अब इसी नए टाइम-टेबल के अनुसार पानी मिलेगा.
सुबह की जगह अब दोपहर में आएगा पानी
अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ ने साफ किया है कि पहले इन इलाकों में सुबह 7:15 बजे से 8:30 बजे तक पानी की सप्लाई होती थी. लेकिन अब 1 अप्रैल 2026 से यह पुराना समय इतिहास हो जाएगा. विभाग ने नया वक्त दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक तय किया है. यानी अब आपको दोपहर के समय पानी के प्रेशर और सप्लाई पर नजर रखनी होगी. विभाग का दावा है कि इस बदलाव से उन घरों तक भी भरपूर पानी पहुंचेगा जहाँ पहले प्रेशर की समस्या रहती थी.
तीन दिन के ट्रायल के बाद लिया गया फैसला
अचानक हुए इस बदलाव के पीछे विभाग की एक ठोस योजना है. दरअसल, पीएचईडी ने पिछले तीन दिनों तक इन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई का परीक्षण किया था. इस ट्रायल रन के दौरान दोपहर के समय पानी का प्रेशर काफी शानदार मिला. इसी सकारात्मक नतीजे को देखते हुए अधिकारियों ने जनहित में समय बदलने पर मुहर लगा दी. विभाग ने जनता से अपील की है कि वे नए समय के हिसाब से पानी स्टोर करने का इंतजाम कर लें और पानी की बर्बादी बिल्कुल न करें ताकि हर घर तक राहत की बूंद पहुंच सके.
ये भी पढ़ें:- 'जिस RIC को PM मोदी ने सराहा, उसका काम क्यों रोका?' अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार से पूछा सवाल