विज्ञापन
This Article is From Oct 14, 2025

जैसलमेर: भीषण बस हादसे में जिंदा जल गए 20 लोग, PM मोदी ने आर्थिक मदद का किया ऐलान

बस में 19 यात्रियों की मौत हो गई और एक ने जोधपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. घटना के चश्मदीदों के मुताबिक बस में इतनी तेज आग लगी थी कि कोई पास भी नहीं जा पा रहा था.

जैसलमेर: भीषण बस हादसे में जिंदा जल गए 20 लोग, PM मोदी ने आर्थिक मदद का किया ऐलान

Jaisalmer Bus Fire Accident: जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. एक प्राइवेट एसी स्लीपर बस में अचानक आग लगने से 19 लोग जिंदा जल गए. वहीं, इस बस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 16 लोगों को जोधपुर ले जाया गया, जहां पर एक और युवक की मौत हो गई. कुल मिलाकर आग लगने से हुए इस भीषण बस हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. हृदयविदारक इस बस हादसे पर राष्ट्रपति, द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया है. 

PM मोदी ने आर्थिक मदद का किया ऐलान

पीएम मोदी ने इस हादसे में जनहानि पर गहरा शोक जताया. उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है और मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं. प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. 

Latest and Breaking News on NDTV

विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचे सीएम

वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बस हादसे की सूचना पर जयपुर से विशेष विमान के जरिए जैसलमेर पहुंचे और जली हुई बस का निरीक्षण किया. इसके बाद वह जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल अस्पताल पहुंचकर गंभीर रूप से झुलसे लोगों का हालचाल जाना औऱ उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए.

बस में कुल 57 यात्री सवार थे और वह जोधपुर जा रही थी. हादसे की वजह पीछे लगे एसी यूनिट में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. आग लगते ही बस का दरवाजा लॉक हो गया जिससे यात्री बाहर नहीं निकल पाए.

अब तक 20 यात्रियों के मौत की पुष्टि

पोकरण विधायक प्रताप पुरी ने 20 लोगों की मौत की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि बस में 19 यात्रियों की मौत हो गई और एक ने जोधपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. घटना के चश्मदीदों के मुताबिक बस में इतनी तेज आग लगी थी कि कोई पास भी नहीं जा पा रहा था. स्थानीय लोगों ने पानी के टैंकर से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके.

Latest and Breaking News on NDTV

करीब 45 मिनट तक कोई फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची. इसी बीच सेना को सूचना दी गई. आर्मी JCB लेकर मौके पर पहुंची और बस का गेट तोड़कर रेस्क्यू शुरू किया. कई घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया.

जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने अधिकारियों को घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं. जिला प्रशासन ने उन लोगों से अपील जारी की है जिनके परिवार के लोग बस में यात्रा कर रहे थे ताकि घटना में मारे गए लोगों की पहचान की जा सके. प्रशासन के अनुसार डीएनए मिलान के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.

यह भी पढे़ं- 

Jaisalmer Bus Fire News LIVE Updates: जैसलमेर बस हादसे में 20 लोगों की मौत, मौके पर पहुंचे CM भजनलाल; DNA जांच से होगी मृतकों की पहचान

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close