12वीं कक्षा के छात्रों का चल रहा था व‍िदाई समारोह, स्कूल के गेट पर छात्र के सीने में चाकू घोंपा 

स्‍कूल के गेट पर खड़े 2 छात्रों पर बाहर से आए युवक ने हमला कर द‍ि‍या. दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्‍पताल में भर्ती क‍िया गया है.  

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
झालावाड़ में घायल छात्रों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

झालावाड़ के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चेचट में शनिवार को 12वीं कक्षा के विदाई समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाहरी युवक ने स्कूल परिसर के बाहर 2 छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया. मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें चेचट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें झालावाड़ के लिए रेफर कर दिया गया.

बाहरी युवक ने किया हमला 

जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल में 12वीं कक्षा के व‍िद्यार्थ‍ियों का विदाई समारोह आयोजित किया गया था. समारोह के दौरान दोनों छात्र कुछ देर के लिए स्कूल गेट के बाहर खड़े थे. इसी दौरान एक बाहरी युवक वहां पहुंचा, और पुरानी रंजिश और मोबाइल फोन की बात को लेकर अचानक दोनों पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में एक छात्र के सीने पर चाकू से वार किया. दूसरे छात्र के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद छात्रों की चीख-पुकार सुनकर शिक्षक और अन्य विद्यार्थी मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी युवक फरार हो चुका था. चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है. 

घायल छात्रों के बयान दर्ज किए 

घटना की सूचना मिलते ही चेचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी सुरेंद्र गोदारा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. घायल छात्रों के बयान अस्पताल में दर्ज किए गए हैं. पीड़ित छात्र ने बताया कि आरोपी पहले उसके दोस्त का मोबाइल चेक करने लगा था. मोबाइल देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसके दोस्त के सीने पर चाकू से वार कर दिया.

नाक-सिर पर जोरदार हमला किया  

बीच-बचाव करने पर आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से उसके नाक और सिर पर जोरदार हमला किया, और मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है. आस-पास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. घटना से स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और विद्यार्थियों में आक्रोश और भय का माहौल है. अभिभावकों ने स्कूल परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने और बाहरी तत्वों पर सख्त निगरानी की मांग की है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कोटा हादसा: प्लॉट में ड्रिलिंग के चलते बिल्डिंग ढही, कर्मचारियों ने कई बार की शिकायत, फिर भी नहीं रुका काम