मामा की जगह 12वीं बोर्ड परीक्षा देने पहुंचा भांजा, एक गलती से खुल गई पोल; दोनों गिरफ्तार

भांजा आशीष अपने मामा संजय की जगह परीक्षा देने पहुंचा था, लेकिन उपस्थिति पत्रक (Attendance Sheet) पर हस्ताक्षर और फोटो मिसमैच होने से मामला पकड़ में आ गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
मामा की जगह 12वीं बोर्ड परीक्षा देने पहुंचा भांजा

Rajasthan News: झुंझुनूं में 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन ‘मुन्नाभाई' स्टाइल में परीक्षा देने का मामला सामने आया है. अंग्रेजी के पेपर में डमी स्टूडेंट पकड़े जाने पर पुलिस ने मामा-भांजे दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. जानकारी के अनुसासर, अटेंडेंस शीट में परीक्षार्थी के साइन और फोटो मिसमैच होने पर मामला पकड़ में आ गया. यहां पर भांजा अपने मामा की जगह परीक्षा दे रहा था. 

हरियाणा निवासी है आरोपी मामा

बुहाना सीआई बिमला बुडानिया ने बताया कि हरियाणा के बहल थाना इलाके के बिधनोई गांव निवासी 19 वर्षीय आशीष पुत्र पवन कुमार अपने मामा संजय की जगह परीक्षा देने के लिए पहुंचा था. संजय (20) पुत्र शेरसिंह हरियाणा के ही बहल थाना इलाके के बड़दूमुगल गांव निवासी है. आशीष अपने मामा संजय की जगह परीक्षा देने बुहाना ब्लॉक के धूलवा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के बोर्ड परीक्षा सेंटर पहुंच गया.

आशीष प्रवेश पत्र दिखाकर परीक्षा केंद्र में दाखिल भी हो गया, लेकिन उपस्थिति पत्रक (Attendance Sheet) पर हस्ताक्षर और फोटो मिसमैच होने से मामला पकड़ में आ गया. उसी समय पुलिस को संजय स्कूल के बाहर घूमता मिला. पूछताछ में संजय ने बताया कि उसका भांजा आशीष पढ़ाई में होशियार है. इसलिए उसने मदद ली. संजय 10वीं में 33 प्रतिशत से पास हुआ था, जबकि आशीष 12वीं में 76 प्रतिशत अंक ला चुका है और फिलहाल प्रथम वर्ष का छात्र है.

स्कूल की भूमिका पर उठ रहे सवाल

संजय ठोठी गांव स्थित एक निजी स्कूल बाबा मामचंद उच्च माध्यमिक विद्यालय का नियमित विद्यार्थी बताया गया है, जिसके 8–9 छात्र इसी धूलवा गांव के केंद्र पर परीक्षा दे रहे हैं. जानकारी में यह भी सामने आया कि इनमें से कई विद्यार्थी परीक्षा देने नहीं आ रहे और अधिकांश हरियाणा के हैं. जिससे स्कूल की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं. शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया कि हरियाणा में 12वीं में थ्योरी के 80 अंक में से न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं, जबकि राजस्थान में 20 अंकों के सत्रांक के साथ थ्योरी में अपेक्षाकृत सिर्फ 13 अंक से भी कुल 33 प्रतिशत पूरे किए जा सकते हैं. हालांकि, पूरे मामले की जांच जारी है और शिक्षा विभाग विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें-

खेत की झोपड़ी से चल रही थी एमडी की फैक्ट्री, पुलिस ने 60 लाख की ड्रग्स और पिस्टल के साथ दो को दबोचा

ACB Action: 16 साल की नौकरी में 'बाबू' ने खड़ा कर दिया करोड़ों का साम्राज्य, भाई आज भी करते हैं मजदूरी

Advertisement