Rajasthan News: जोधपुर के बड़े रामद्वारा से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है. शहर के करीब 120 श्रद्धालु इन दिनों दुबई की यात्रा पर थे, लेकिन वहां बिगड़ते हालातों के बीच वे फंस गए हैं. इन श्रद्धालुओं के साथ बड़े रामद्वारा के संत अमृतराम महाराज और मनोहर दास महाराज भी मौजूद हैं. इस खबर के बाद से पूरे जोधपुर में उनके परिजनों और भक्तों के बीच चिंता का माहौल है.
वीडियो कॉल से बंधाया ढांढस
श्रद्धालुओं की घबराहट को देखते हुए जोधपुर के बड़े रामद्वारा के मुख्य महंत रामप्रसाद महाराज ने खुद कमान संभाली है. उन्होंने 1 मार्च को खुद वीडियो कॉलिंग के जरिए दुबई में मौजूद संतों और श्रद्धालुओं से सामूहिक बातचीत की है. महंत ने सभी का हौसला बढ़ाते हुए कहा, 'घबराएं नहीं, ईश्वर की कृपा और केंद्र सरकार का सहयोग हमारे साथ है. आप सभी की सुरक्षित और जल्द घर वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.'
मेट्रो स्टेशन पर धमाके से बढ़ा डर
बातचीत के दौरान संत अमृतराम महाराज ने दुबई के हालातों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हाल ही में वहां एक मेट्रो स्टेशन पर धमाका हुआ है, जिसकी वजह से सभी लोग काफी डरे हुए हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि जोधपुर के सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं.
माहेश्वरी समाज बना मददगार
मुसीबत की इस घड़ी में दुबई के माहेश्वरी समाज ने इंसानियत की मिसाल पेश की है. अमृतराम महाराज ने बताया कि वहां के माहेश्वरी समाज ने सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन और रहने की समुचित व्यवस्था की है, जिससे उन्हें काफी सहारा मिला है.
घर वापसी की दुआएं
महंत रामप्रसाद महाराज ने वहां की परिस्थितियों और बुनियादी जरूरतों की विस्तार से जानकारी ली है. इधर जोधपुर में संतों और श्रद्धालुओं की सलामती के लिए मंदिरों में प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया है. हर कोई बस यही दुआ कर रहा है कि उनके अपने जल्द से जल्द सुरक्षित वतन लौट आएं.
ये भी पढ़ें:- पुष्कर के पुरोहितों ने मानी 'बागेश्वर बाबा' की बात, होली पर इस बार नहीं बजेगा DJ, ना होगी रेव पार्टी!
TV पर देखें LIVE अपडेट