विज्ञापन

जोधपुर में 397 करोड़ की लागत से बनेगा सुपर हाईटेक रेलवे हब, रेल मंत्री ने गृह जिले को दी बड़ी सौगात

राजस्थान के जोधपुर को बड़ा तोहफा मिला है. भगत की कोठी रेलवे स्टेशन को मेगा रेलवे हब के रूप में विकसित किया जाएगा. 397 करोड़ की इस परियोजना से 2030 तक रेल संचालन क्षमता दोगुनी होगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.

जोधपुर में 397 करोड़ की लागत से बनेगा सुपर हाईटेक रेलवे हब, रेल मंत्री ने गृह जिले को दी बड़ी सौगात
जोधपुर में भगत की कोठी रेलवे स्टेशन को मेगा रेलवे हब के रूप में विकसित किया जाएगा.

Rajasthan News: राजस्थान के जोधपुर को रेलवे के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने गृह जिले को मेगा रेलवे हब के रूप में विकसित करने की मंजूरी दी है. इस योजना के तहत भगत की कोठी रेलवे स्टेशन को हाईटेक कोचिंग टर्मिनल के रूप में तैयार किया जाएगा. इस परियोजना पर करीब 397.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक शहर की रेल संचालन क्षमता को दोगुना करना है.

3 से बढ़कर 7 प्लेटफॉर्म

परियोजना के तहत स्टेशन पर वर्तमान 3 प्लेटफॉर्म की जगह 7 प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जिनकी लंबाई करीब 600 मीटर होगी. इसके अलावा 3 पिट लाइन, 2 सिक लाइन, 800 मीटर लंबी व्हील लेथ और ड्रॉप पिट लाइन विकसित की जाएगी. स्टेशन पर 2 वाशिंग कम स्टेबलिंग लाइन, ऑटोमेटिक कोच वाशिंग प्लांट और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी.

बढ़ेंगी ट्रेनों की संख्या

इस मेगा प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद जोधपुर सिटी स्टेशन का दबाव कम होगा. कुछ कोचिंग और मेंटेनेंस सुविधाएं भगत की कोठी में शिफ्ट की जाएंगी. इससे ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, समय पर संचालन और भीड़ प्रबंधन में सुधार होगा. यहां 6 पिट लाइन वाला अत्याधुनिक यार्ड बनाया जाएगा, जिसमें रोजाना 12 से 14 ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता होगी.

यात्रियों को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

यात्रियों की सुविधा के लिए नए प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट, एस्केलेटर और आधुनिक सूचना प्रणाली लगाई जाएगी. साथ ही दूसरा प्रवेश द्वार, बेहतर आवागमन क्षेत्र और आधुनिक प्रशासनिक भवन भी तैयार होंगे. 35 टन क्षमता की गैन्ट्री और बड़े कवर शेड भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होंगे.

दो साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद भगत की कोठी उत्तर पश्चिम रेलवे का प्रमुख हाईटेक हब बन जाएगा. इससे जोधपुर को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क में नई पहचान मिलेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.

यह भी पढ़ें- रणथंभौर के होटल में खाना खाने के बाद बिगड़ी विदेशी महिला की तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close