Kirodi Lal Meena JJM Scam: राजस्थान में जल जीवन मिशन स्कैम का मामला फिर से सदन से लेकर सड़क तक उठ रही है. वहीं प्रदेश के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने जल जीवन मिशन से जुड़े भ्रष्टाचार आरोपों और अन्य जांचों पर बड़ा बयान दिया है. NDTV से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि जब वे विपक्ष में थे, तब से ही यह मुद्दा उन्होंने उठाया था और एक ब्रेक के बाद जांच फिर से तेज हुई है. किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि लंबे समय की सुस्ती के बाद अब एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की विशेष टीम पुनः सक्रिय हुई है.
उन्होंने कहा कि जांच में अब “बड़ी मछलियाँ पकड़ी जा रही हैं” और इससे पहले स्वास्थ्य क्षेत्र तथा अन्य खुलासों के भी रास्ते खुल सकते हैं. मीणा ने कहा यह मामला लगभग 960 करोड़ रुपये के से भी बड़ा हो सकता है.
सुबोध अग्रवाल भी आए थे मेरे पास
पूर्व IAS सुबोध अग्रवाल के फ़रार होने और लुक आउट नोटिस जारी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे साफ़ है कि उन्होंने मान लिया है कि वे इस मामले में लिप्त हैं. सुबोध अग्रवाल उनके पास भी आए थे और उन्होंने कहा था कि वे केवल अकेले नहीं हैं और भी लोग इसमें शामिल हैं. लेकिन कब तक बचेंगे आखिरकार जांच के दायरे में आना ही पड़ेगा. लेकिन उनकी गिरफ़्तारी होने के बाद ज़मानत पर चल रहे महेश जोशी की परेशानी बढ़ सकती है. और इस मामले में पिछली सरकार के मुखिया तक भी जांच का दायरा जा सकता है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस मामले में संकेत दे चुके हैं.
पेपर लीक की तरह इसके भी नेटवर्क में बड़े नाम
उन्होंने सीएम भजनलाल शर्मा के उस बयान का भी हवाला दिया जिसमें पेपर लीक मामले की आंच पिछली सरकार के सीएमआर तक पहुंचने वाला बताया गया था. कृषि मंत्री ने कहा कि जैसे पेपर लीक मामले की जांच में कड़ियां ऊपर तक जा रही हैं, ठीक उसी तरह जल जीवन मिशन संबंधित जांच में भी इससे जुड़े नेटवर्क और बड़े नाम सामने आ सकते हैं.
किरोड़ी लाल मीणा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना में हुए घोटाले में मामले की जांच के लिए एसओजी को सिफारिश की गई हैं. उन्होंने निर्देश दिया है कि फ़सल नुकसान से प्रभावित किसानों के सर्वे और आंकलन भी शीघ्र किया जाए.
किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि उन्होंने बाबूलाल करारा से भी मुलाक़ात की थी और उन्हें सरकारी गवाह बनाने के प्रयास किए हैं. मंत्री का मानना है कि पिछली सरकार के कुछ बड़े नाम इन मामलों में सामने आ सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः खेलो इंडिया में 4200 प्रतिभागियों पर खर्च 125 करोड़, चांदना बोले-पूर्व सरकार में 57 लाख प्रतिभागी पर 150 करोड़