Kota News: दुल्हन को नहीं करनी थी शादी, तो दूल्हे के पैर तुड़वाने के लिए दी 10 हजार की सुपारी, हो गई मौत

इस पूरी साजिश में धर्मेंद्र का होने वाला नाबालिग साला भी शामिल था. फिलहाल पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है और मंगेतर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Rajasthan News: राजस्थान के कोटा जिले के इटावा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है. शादी से ठीक पहले दूल्हे की हत्या ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है, वह किसी फिल्म की कहानी जैसा खौफनाक है.

क्या है पूरा मामला?

दौलतपुर निवासी धर्मेंद्र सैनी की शादी 1 मई को होने वाली थी. शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन 23 अप्रैल को एक घटना ने सब कुछ बदल दिया. धर्मेंद्र अपनी शादी के लिए खरीदारी करके वापस लौट रहे थे, तभी कुछ बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया. हमले में धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई.

Advertisement

शादी के लिए राजी नहीं थी मंगेतर  

जब पुलिस ने मामले की गहराई से छानबीन शुरू की, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. मृतक धर्मेंद्र की मंगेतर इस शादी के लिए राजी नहीं थी. शादी को टालने के लिए लड़की ने साजिश रची और धर्मेंद्र के पैर तुड़वाने के लिए 10,000 रुपये की सुपारी दी. इस खौफनाक योजना में मंगेतर का नाबालिग भाई भी शामिल था. पुलिस ने मामले में मुकुट नाम के एक हमलावर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

दो साल पहले हुई थी सगाई

धर्मेंद्र की सगाई दो साल पहले हुई थी. 27 अप्रैल को 'लगन' का कार्यक्रम था और 1 मई को बारात जानी थी. घरवाले शादी की खुशियों में डूबे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. जिस बेटे को घोड़ी पर सवार होकर घर से निकलना था, उसकी अर्थी उठी.

हमलावर गिरफ्तार, मंगेतर से पूछताछ जारी

मृतक के पिता प्रभु लाल ने अपनी शिकायत में पहले ही दुल्हन पक्ष पर शक जाहिर किया था. पुलिस ने अब तक मुकुट नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है और मुख्य साजिशकर्ता यानी धर्मेंद्र की मंगेतर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. कोटा एसपी सुजीत शंकर के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान के सबसे अमीर मंदिर में बदल गई परंपरा, 56 भोग और मोरपंख चढ़ाने पर लगी रोक, जानें वजह

Advertisement