विज्ञापन

जेईई मेन 2026 में कोटा का दबदबा, 100 पर्सेन्टाइलर्स के 12 में से 7 छात्र कोचिंग सिटी से

जेईई मेन 2026 के नतीजों में कोटा का दबदबा दिखा. 100 पर्सेन्टाइल पाने वाले 12 छात्रों में से 7 कोटा से हैं. इस सफलता ने शहर में जश्न के साथ साथ अर्थव्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगा दी है.

जेईई मेन 2026 में कोटा का दबदबा, 100 पर्सेन्टाइलर्स के 12 में से 7 छात्र कोचिंग सिटी से
जेईई मेन 2026 के नतीजों में कोटा का दबदबा दिखा

Rajasthan News: देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन जनवरी सेशन 2026 के नतीजों में एक बार फिर कोटा ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा घोषित परिणामों में देशभर के 12 छात्रों ने 100 पर्सेन्टाइल हासिल किए, जिनमें से 7 छात्र कोटा की कोचिंग संस्थाओं से जुड़े हैं. रिजल्ट जारी होते ही शहर में जश्न का माहौल बन गया.

300 में 300 अंक, कबीर ने रचा इतिहास

परफेक्ट स्कोर 300 में 300 अंक हासिल करने वाले कबीर छिल्लर पिछले दो साल से कोटा में तैयारी कर रहे थे. उन्होंने 100 पर्सेन्टाइल के साथ शानदार उपलब्धि दर्ज की. उनके अलावा अर्नव गौतम, शुभम कुमार, भावेश पात्रा, अनय जैन, निमय पुरोहित और चिरंजीब कर ने भी 100 पर्सेन्टाइल प्राप्त कर कोटा का नाम रोशन किया. बड़ी संख्या में छात्रों ने 99 पर्सेन्टाइल से अधिक अंक हासिल किए हैं.

रिजल्ट आते ही जश्न

नतीजे घोषित होते ही कोचिंग संस्थानों के बाहर छात्रों और अभिभावकों ने ढोल नगाड़ों के साथ खुशी मनाई. मिठाइयां बांटी गईं और सफलता का जश्न मनाया गया. संस्थानों ने इसे कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम बताया.

क्या लौटेगी कोटा की रौनक

पिछले कुछ समय से कोटा में छात्रों की संख्या में गिरावट देखी जा रही थी. कभी यहां ढाई लाख के करीब छात्र पढ़ाई करते थे, जो अब घटकर लगभग एक लाख रह गए हैं. हॉस्टल, मेस, रेस्टोरेंट, स्टेशनरी और परिवहन जैसे कई व्यवसाय सीधे तौर पर छात्रों पर निर्भर हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार 100 पर्सेन्टाइलर्स की बड़ी संख्या और टॉप रैंकर्स की सफलता से देशभर के छात्रों का भरोसा फिर कोटा की ओर मजबूत हो सकता है.

अर्थव्यवस्था के लिए टर्निंग पॉइंट

कोटा की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा कोचिंग उद्योग पर टिका है. ऐसे में जेईई मेन 2026 का यह शानदार परिणाम सिर्फ शैक्षणिक उपलब्धि नहीं बल्कि आर्थिक उम्मीद भी है. अब नजर इस बात पर है कि क्या ये नतीजे शहर की आर्थिक रफ्तार को फिर से पटरी पर ला पाएंगे.

यह भी पढ़ें- ACB Action: जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट ने की थी 100000 रुपये की रिश्वत की डील, 80 हजार लेते हुए हुआ ट्रैप

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close