विज्ञापन
This Article is From May 31, 2025

NEET की फ्री कोचिंग, रहने-खाने की व्यवस्था... मदन दिलावर ने योजना के पोस्टर का किया विमोचन

राजस्थान के सरकारी स्कूलों के हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा संबल योजना एक सुनहरा अवसर है. इस योजना के तहत नीट-2026 की तैयारी के लिए कोटा में मुफ्त कोचिंग, आवास और भोजन की सुविधा दी जाएगी.

NEET की फ्री कोचिंग, रहने-खाने की व्यवस्था... मदन दिलावर ने योजना के पोस्टर का किया विमोचन
पोस्टर का विमोचन करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर.

Rajasthan News: राजस्थान के सरकारी स्कूलों के हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर है शिक्षा संबल योजना. इस योजना के तहत नीट-2026 की तैयारी के लिए कोटा में मुफ्त कोचिंग, आवास और भोजन की सुविधा दी जाएगी.

इस योजना के पोस्टर का विमोचन शिक्षा और पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने किया. इस मौके पर एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास और एलन करियर इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिलेगा प्रोत्साहन

मदन दिलावर ने कहा कि यह योजना सरकारी स्कूलों के हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों को मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता दिलाने का एक अनूठा प्रयास है. उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की. सरकार का लक्ष्य ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है जो आर्थिक तंगी के कारण पीछे रह जाते हैं.

जानें क्या है शिक्षा संबल योजना

एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास और एलन करियर इंस्टीट्यूट की इस संयुक्त पहल के तहत 126 मेधावी विद्यार्थियों को नीट-2026 की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी.

इसमें 81 छात्राएं और 45 छात्र शामिल होंगे. चयनित विद्यार्थियों को एलन करियर इंस्टीट्यूट में एक साल की मुफ्त कोचिंग और न्यास की ओर से मुफ्त आवास और भोजन मिलेगा. योजना का यह दूसरा वर्ष है, जो 2024 में शुरू हुई थी.

आवेदन और पात्रता की शर्तें

आवेदन की अंतिम तिथि 7 जून 2025 है. चयन परीक्षा 22 जून को होगी और परिणाम जुलाई में घोषित होंगे. पात्रता के लिए विद्यार्थी को सत्र 2024-25 में 12वीं (जीव विज्ञान) में कुल 50% अंक और भौतिकी, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान में भी 50% अंक प्राप्त करने होंगे. परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम होनी चाहिए. आवेदन एलन के स्टडी सेंटर्स पर ऑफलाइन मुफ्त में किए जा सकते हैं.

चयन परीक्षा का प्रारूप

चयन परीक्षा में 120 बहुविकल्पी प्रश्न होंगे, जिनमें से 100 प्रश्नों के उत्तर देना अनिवार्य होगा. भौतिकी और रसायन विज्ञान से 30-30 में से 25-25 प्रश्न और जीव विज्ञान से 60 में से 50 प्रश्न हल करने होंगे.

विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा

एलन के प्रेसिडेंट विनोद कुमावत और वाइस प्रेसिडेंट जीवनज्योति अग्रवाल ने कहा कि यह योजना गरीब और प्रतिभावान विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने का माध्यम है. विद्यार्थी इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मेडिकल करियर की शुरुआत करें.

यह भी पढ़ें- बांसवाड़ा: कुएं में गिरी मजदूरों से भरी वैन , 10 से ज्यादा घायल, 3 की हालत नाजुक

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com