विज्ञापन

भिवाड़ी अग्निकांड पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कानून व्यवस्था और मॉनिटरिंग पर उठाये सवाल

टीकाराम ने आरोप लगाया कि हाल के समय में लगातार हादसे हो रहे हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं लेकिन सरकार अन्य कार्यक्रमों और तैयारियों में व्यस्त है.

भिवाड़ी अग्निकांड पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कानून व्यवस्था और मॉनिटरिंग पर उठाये सवाल
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली

Rajasthan News: राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में हुई दर्दनाक घटना को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. जूली ने समय पर सूचना और राहत नहीं पहुंचने के आरोप लगाते हुए सरकार की कानून व्यवस्था और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी निशाना साधा है.

टीकाराम जूली ने कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है जिसने सरकार के सुशासन और बेहतर कानून व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है. उनका आरोप है कि समय पर सूचना और कार्रवाई नहीं होने से हताहतों की संख्या बढ़ी.

किन विभागों ने अनुमति दी? 

उन्होंने कहा कि भिवाड़ी प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है जहां से सरकार को भारी राजस्व प्राप्त होता है. ऐसे में सुरक्षा मानकों, निगरानी और अनुमति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं. जानकारी सामने आ रही है कि वहां विस्फोटक सामग्री संग्रहीत की जा रही थी. ऐसे में किन विभागों ने अनुमति दी, कौन-कौन से विभाग नियमित जांच के लिए जाते हैं और मॉनिटरिंग की क्या व्यवस्था थी. इन सभी बिंदुओं पर सरकार को जवाब देना चाहिए.

पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच हो

टीकाराम ने आरोप लगाया कि हाल के समय में लगातार हादसे हो रहे हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं लेकिन सरकार अन्य कार्यक्रमों और तैयारियों में व्यस्त है. उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच हो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं. घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज करने का दावा किया है. घायलों का उपचार जारी है. वहीं सरकार की ओर से जांच के आदेश दिए जाने की संभावना जताई जा रही है.

यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान पंचायती राज परिसीमन चुनौती खारिज की, 15 अप्रैल तक चुनाव कराने का रास्ता साफ

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close