हनुमानगढ़ में पकड़ी गई करीब 3 करोड़ की शराब, बड़े ब्रांड की 1500 से ज्यादा पेटी बरामद

शराब पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी. पुलिस के अनुसार पंजाब में शराब अपेक्षाकृत सस्ती होती है, जबकि गुजरात में पूर्ण शराबबंदी लागू है. इसी कारण बड़े मुनाफे के लालच में तस्कर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
करोड़ों की शराब जब्त

Rajasthan Liquor Smuggling: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. जिला पुलिस ने पंजाब निर्मित करीब 3 करोड़ रुपये की अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रेलर जब्त करने में सफलता हासिल की है. भारतमाला रोड पर की गई इस कार्रवाई में 1500 से अधिक जब्त शराब की पेटी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 71 लाख रुपये बताई जा रही है. प्रशिक्षु आरपीएस राजेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस थाना पल्लू की टीम ने भारतमाला रोड पर धीरेदेसर के पास नाकाबंदी के दौरान संगरिया की ओर से आ रहे एक ट्रेलर को रुकवाया. ट्रेलर संदिग्ध प्रतीत होने पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरी हुई पाई गई.

तीन प्रमुख ब्रांड की शराब बरामद

तलाशी के दौरान ट्रेलर से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के तीन प्रमुख ब्रांड रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टैग एवं ऑल सीजन्स की कुल 1503 पेटियां बरामद की गईं. इन पेटियों में कुल 14,448 बोतलें और 14,352 पव्वे भरे हुए थे. पुलिस ने मौके से ट्रेलर सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश कुमार पुत्र लाडूराम विश्नोई, उम्र 22 वर्ष, निवासी वाडान्या, पुलिस थाना बागोड़ा, जिला जालोर (राजस्थान) के रूप में हुई है. आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पल्लू में एफआईआर संख्या 14/2026 के तहत धारा 19/54 एवं 54(क) राजस्थान आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है. प्रकरण की जांच पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी सुरेश मील द्वारा की जा रही है.

पंजाब से गुजरात जा रही थी शराब

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ट्रेलर में भरी यह भारी मात्रा में शराब पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी. पुलिस के अनुसार पंजाब में शराब अपेक्षाकृत सस्ती होती है, जबकि गुजरात में पूर्ण शराबबंदी लागू है. इसी कारण बड़े मुनाफे के लालच में तस्कर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि पंजाब का अमृतसर और गुजरात के क्षेत्रों को जोड़ने वाला भारत्माला रोड सीधा और तेज़ मार्ग होने के कारण तस्करों का पसंदीदा रूट बनता जा रहा है. इस मार्ग पर अपेक्षाकृत कम जांच और लंबा हाईवे नेटवर्क होने के चलते तस्कर इसका लगातार दुरुपयोग कर रहे हैं.

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे रैकेट का खुलासा हो सके. अब देखना होगा कि जांच के दौरान पुलिस को इस तस्करी से जुड़े और कितने अहम सुराग हाथ लगते हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः सरिस्का बाघ अभयारण्य में बाघिन ST-28 की मौत कैसे हुई? पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार