मैत्री कप क्रिकेट टूर्नामेंट में विधायकों ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम को 90 रन के विशाल अंतर से हरा दिया. 15–15 ओवर के इस मैच में रोमांचक बात रनों की बरसात रही. दोनों टीमों ने कुल 30 ओवर में 500 से ज्यादा रन बनाए. विधायक एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 323 रन बनाए, जबकि पत्रकारों की टीम 15 ओवर में एक विकेट पर 233 रन ही बना सकी. गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए. पत्रकारों की टीम को मैच में एक विकेट मिला, तो वही विधायक भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम के केवल एक खिलाड़ी को ही आउट कर पाए.
खेल मंत्री ने जड़ा शतक
इस मैच की रोमांचक बात यह रही की 15 ओवर के मुकाबले में भी 3 सेंचुरी लगी. पूर्व खेल मंत्री अशोक चांदना और खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने शतक जड़ा. जबकि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम की तरफ से मनीष ने सेंचुरी लगाई. मैच में हाईएस्ट इंडिविजुअल स्कोर के रूप में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम के ओपनर बल्लेबाज ने 172 रन बनाकर प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई. मैन ऑफ द मैच का मुकाबला भी सेंचुरी लगाने वाले तीनों खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से दिया गया.
रफीक खान बने कमेंटेटर
इस मैत्री मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे की तारीफ की. कमेंट्री करते हुए कांग्रेस के सचेतक रफीक खान ने खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ की हौसला अफजाई करते दिखे. मंत्री अविनाश गहलोत और सुमित गोदारा ने अशोक चांदना के खेल को सराहा. मीडिया टीम के खिलाड़ियों ने भी विधायक-11 के खिलाड़ियों को सेंचुरी बनाने पर बधाई दी.
अशोक चंदाना ने 161 रन बनाए
अशोक चांदना ने तो 41 बॉल में 161 रन का स्कोर बनाते हुए स्ट्राइक रेट में भी RCA मैदान के पुराने कई रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी 126 रन की शानदार पारी खेली. मैच के बाद राज्यवर्धन राठौर ने कहा कि ऐसे आयोजन स्ट्रेस भी दूर करते हैं, और मेलजोल भी बढ़ाते हैं. राठौर ने कहा कि यह मैसेज सभी आमजन के लिए है कि उन्हें भी छोटे-छोटे स्तर पर खेल के आयोजनों में शामिल होना चाहिए, जिससे मेलजोल बढ़ता है, तनाव दूर होता है. एकजुटता की भावना आती है.
फिजिकल और मेंटल हेल्थ के लिए बेहतर
अविनाश गहलोत ने कहा कि यह क्रिकेट है, लेकिन इसमें गंभीरता के मुकाबले मेलजोल और एंजॉयमेंट का स्कोर ज्यादा बनता है. खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि विधानसभा की पुरानी परंपरा रही है, पत्रकारों और विधायकों के बीच इस तरह के मैच की. ऐसे आयोजनों को फिजिकल हेल्थ के साथ मेंटल हेल्थ की बेहतरी के लिए भी अहम माना जा सकता है.
रफीक खान ने की खूब तारीफ
इस मैच में मैदान से बाहर अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में खेलते हुए भी रफीक खान और उनके कुछ साथी विधायकों ने माइक पर कमेंट्री के साथ खूब आनंद लिया. मैच के बाद तो खेल मंत्री भी कहते दिखे की मैदान पर गेंद का सामना करने से ज्यादा कठिन यह था कि कैसे कमेंटेटर के रूप में माइक संभालने वाले रफीक खान की आवाज को कानों में पड़ने से रोका जाए? मैच के बाद इस आयोजन की खूबसूरती को रफीक खान ने भी अपने शब्दों में बयान किया.
विधानसभा मैत्री क्रिकेट कप के दूसरे मुकाबले में ऑल इंडिया सर्विस के ऑफिसर्स की टीम ने प्रिंट मीडिया–11 को आसान मुकाबले में हरा दिया. ऑल इंडिया सर्विस की टीम ने 9 विकेट से मुकाबला एक तरफा जीत लिया. टूर्नामेंट का फाइनल मैच 9 मार्च सोमवार को खेला जाएगा.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में 10-11 मार्च को हीटवेव का अलर्ट, जानें अपने जिले के मौसम का हाल