Rajasthan News: राजस्थान के नागौर जिले में रोल थाना क्षेत्र के हरीमा इलाके के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. लोक परिवहन की बस और ट्रक आमने-सामने टकरा गए. इस भिड़ंत में दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. हादसा ओवरटेक करने की कोशिश में हुआ जो नागौर-डेह रोड पर भदाना फांटा के नजदीक हुआ. घायलों को तुरंत नागौर के JLN अस्पताल और डेह अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है.
घायलों की हालत गंभीर, तीन जोधपुर रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर भेजा गया. नागौर JLN अस्पताल की एंबुलेंस से उन्हें जोधपुर रेफर किया गया. इनमें भरतपुर निवासी बस ड्राइवर आजाद उमर खान और लाडनू तहसील के जरडिया गांव की रहने वाली प्रीति शामिल हैं. अन्य घायलों का नागौर में ही इलाज जारी है. डॉक्टरों की टीम उनकी देखभाल में जुटी है.
मौके पर राहत कार्य, पुलिस और डॉक्टर सक्रिय
हादसे की सूचना मिलते ही रोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. अस्पताल के पीएमओ डॉक्टर आरके अग्रवाल भी JLN अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया. ट्रक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है जिसे क्रेन की मदद से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यातायात सुचारू करने के प्रयास कर रही है.
यह भी पढ़ें-