नागौर जिले के मेड़ता रोड क्षेत्र में एक शादी की बारात के दौरान डीजे के पीछे सड़क पर स्टंट करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की दो मोटरसाइकिल और एक बोलेरो वाहन भी जब्त कर ली है. यातायात नियमों की अनदेखी और अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने के मालम में प्रकरण दर्ज किया गाय है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पुलिस के मुताबिक, 21 अप्रैल को एक बारात में डीजे के पीछे-पीछे चारों युवक स्टंट कर रहे थे. बाइक और बोलेरो को गाड़ी के पीछे लहराते वीडियो भी सामने आया है, जो बीते कुछ दिनों से काफी शेयर भी किया गया. पुलिस एसपी रोशन मीणा के निर्देश पर युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

तीनों गाड़ियों को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
आरोपियों की तलाश में जुटी थी 2 टीमें
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि यह घटना मेड़ता रोड थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने दो टीमों का गठन कर वाहनों के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की. इसके बाद चेतनपुरी, संतोपपुरी, ऋषभपुरी और रविपुरी को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस की आमजन से भी अपील
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया. साथ ही वाहनों को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त किया गया है. पुलिस ने आमजन से अपील की है, "सड़क पर इस तरह के स्टंट से बचें. क्योंकि इससे न केवल खुद की बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है."
यह भी पढ़ेंः उफ्फ! इतनी गर्मी तो झुलसा देगी, राजस्थान में तापमान 45 डिग्री के पार, लू का कहर भी जारी