Rajasthan News: नागौर जिले के पादूकलां के पालड़ी गांव में प्लास्टिक के कट्टे में मिले महिला के शव से गायब सिर और पैरों के पंजे भी मिल गए हैं. महिला का कटा हुआ सिर 5 किमी दूर, जबकि पैर के पंजे शव मिलने की जगह से 2 किमी दूर बरामद हुए हैं. शुरुआती तौर पर इसे लूट के लिए की गई हत्या माना जा रहा था, लेकिन आज महिला के सिर के पास मिले बालों में कानों के झुमके भी बरामद हुए हैं, जिसकी वजह से पुलिस की उस थ्योरी को बल मिल रहा है जिसमें महिला की हत्या के पीछे साजिश होना भी माना जा रहा था.
चरवाहे ने देखा था सिर और पैर कटा शव
दरअसल, 16 मार्च को महिला का सिर और पैर कटा शव पचरंडा गांव के कांकड़ में मिला था. शव को सबसे पहले बकरी चराने वाले चरवाहे ने देखा, जिस पर पुलिस को सूचना दी. सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आसपास कटे हुए अंगों की तलाश की. हालांकि, उस समय वहां पर कुछ नहीं मिला. इसके बाद नागौर पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस कार्मिकों की एक टीम गठित की गई और पूरे मामले की जांच शुरू की गई.
कुत्ते खा रहे थे महिला के कटे हुए अंग
अब पादूकलां थाना क्षेत्र के पालड़ी गांव की बुजुर्ग महिला 70 वर्षीय नाथी देवी का सर्च ऑपरेशन के बाद कटा हुआ सिर और पैरों के पंजे घटना स्थल से चार किलोमीटर दूर बरामद कर लिए गए हैं. एक राहगीर द्वारा महिला के कटे पैर के साथ कुत्तों के देखे जाने की सूचना पर पुलिस मौक़े पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद महिला का कटा हुआ सिर घटना स्थल से 5 किमी दूर और पंजे 2 किमी दूर बरामद किये गए हैं. मौके पर फोरेंसिक एक्सीपर्ट और FSL टीमें पहुंची और कटे हुए अंगों को कब्जे में लिया.
उधर महिला के परिजन और ग्रामीण डेगाना सीएचसी में मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए थे. उनका कहना था कि महिला के कटे हुए अंग पुलिस जल्द से जल्द बरामद करे और वहीं आरोपियों को गिरफ्तार कर फांसी तक पहुंचाया जाए, इसके अलावा परिवार गरीब हालात में है, जिसको देखते हुए 50 लाख के आर्थिक मुआवजे की मांग भी की. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें-
राजस्थान: जालोर में तेल टैंकर पलटने से लगी भीषण आग, 1 व्यक्ति जिंदा जला, हाईवे पर आवाजाही बाधित