विज्ञापन

नाहरगढ़ में 'हम पांच' की मस्ती, रानी के 5 शावकों का पहला बर्थडे सेलिब्रेशन

नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बाघिन रानी के 5 शावकों का पहला बर्थडे सेलिब्रेशन हुआ. इन शावकों में व्हाइट टाइगर ‘विजय’ मुख्य आकर्षण का केंद्र है. जल्द ही पर्यटक भी इन शावकों को देख सकेंगे. पूरी जानकारी के लिए पढ़िए रोहन शर्मा की रिपोर्ट.

नाहरगढ़ में 'हम पांच' की मस्ती, रानी के 5 शावकों का पहला बर्थडे सेलिब्रेशन
नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बाघों की कुल संख्या 15 तक पहुंच गई है.

राजधानी जयपुर के आमेर स्थित नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में इन दिनों जश्न का माहौल है. बाघिन ‘रानी' के पांचों शावकों का मंगलवार (28 अप्रैल) को पहला बर्थडे सेलिब्रेशन हुआ. 27 अप्रैल को जन्मे शावक विजय, शौर्य, सूर्या, अंबे और वृंदा का जन्मदिन पार्क प्रशासन ने उत्साह के साथ मनाया. मौका इसलिए भी खास है क्योंकि पार्क में 2 सफेद बाघों समेत बाघों की कुल संख्या 15 तक पहुंच गई है. यह किसी भी बायोलॉजिकल पार्कों की तुलना में अधिक है, जिससे नाहरगढ़ को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान मिली है.

आकर्षण का केंद्र है 'विजय'

नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के एसीएफ देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि पांचों शावकों में ‘विजय' सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. क्योंकि वह एक व्हाइट टाइगर है, जबकि बाकी चार शावक गोल्डन रंग के हैं. ‘विजय' अपनी मां रानी के साथ पार्क में अठखेलियां करता नजर आता है, जिसे देखने के लिए स्टाफ भी उत्साहित रहता है.

पार्क में अठखेलियां करते शावक

पार्क में अठखेलियां करते शावक
Photo Credit:

पहली बार एक साथ जन्मे 5 शावक 

वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ.अरविंद माथुर ने बताया कि देश में यह पहला मौका था, जब किसी बाघिन ने एक साथ पांच शावकों को जन्म दिया है. सभी शावकों का नियमित टीकाकरण किया गया है और उन्हें प्राकृतिक वातावरण में विकसित करने के लिए रोजाना कुछ समय खुले क्षेत्र में छोड़ा जाता है. इससे उनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर हो रहा है.

पर्यटक भी जल्द कर सकेंगे दीदार

व्हाइट टाइगर विजय मां रानी के साथ.

व्हाइट टाइगर 'विजय' मां 'रानी' के साथ.

पार्क प्रशासन का कहना है कि जल्द ही इन पांचों शावकों को पर्यटकों के लिए डिस्प्ले में लाया जाएगा. इससे न केवल पर्यटकों को नया आकर्षण मिलेगा, बल्कि जयपुर में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.  

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: जैसलमेर में पारा 46.4 डिग्री, सीकर में आंधी की तबाही! कई इलाकों में बिजली गुल

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close