विज्ञापन

सट्टेबाज ने जयपुर समेत कई जिलों में काली कमाई से बनाया आलीशान होटल-फ्लैट, अब करोड़ो की संपत्ति होगी कुर्क

करौली का रहने वाला अमीनुद्दीन खान उर्फ आमीन लंबे समय से करौली, हिण्डौन, गंगापुर सिटी और जयपुर तक ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क चला रहा था. 

सट्टेबाज ने जयपुर समेत कई जिलों में काली कमाई से बनाया आलीशान होटल-फ्लैट, अब करोड़ो की संपत्ति होगी कुर्क
प्रतीकात्मक तस्वीर

करौली जिले में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ पुलिस बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है. हिण्डौन सदर थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से करोड़ों रुपये की काली कमाई कर आरोपी ने आलीशान संपत्तियां खड़ी की थीं. अब पुलिस इन संपत्तियों को कुर्क कराने की प्रक्रिया में जुट गई है. ये संपत्तियां करीब 35 करोड़ रुपए तक बताई जा रही है. ये आरोपी अपने एजेंटों के जरिए करौली, हिण्डौन, गंगापुर सिटी और जयपुर तक ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क चला रहा था. 

सट्टे से खरीदीं महंगी संपत्तियां 

जांच में यह भी सामने आया कि सट्टे से कमाई गई रकम से आरोपी ने कई महंगी संपत्तियां खरीदीं. इनमें एक आलीशान होटल, एक मकान, जयपुर में दो फ्लैट, दुकान के लिए एक प्लॉट, करीब 19 बीघा 7 बिस्वा जमीन और एक फॉर्च्यूनर कार शामिल है. पुलिस के अनुसार इन सभी संपत्तियों को अपराध से अर्जित आय माना गया है.

कई जिलों में ऑनलाइन काम कर रहा था गिरोह

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि करौली निवासी अमीनुद्दीन खान उर्फ आमीन लंबे समय से कई जिलों में नेटवर्क चला रहा था. यह क्रिकेट सट्टा गिरोह ऑनलाइन संचालित किया जा रहा था. बिग बैश लीग सहित कई बड़े क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाकर गिरोह के जरिए बड़ी रकम की अवैध कमाई की गई. हालांकि, इससे पहले भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े कई एजेंटों को गिरफ्तार किया था. बावजूद इसके गैंग का सट्टा गिरोह एक्टिव था. 

'ऑपरेशन शटर डाउन' के तहत कार्रवाई

पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए ऑपरेशन शटर डाउन चलाया. मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की जांच में सट्टा गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अब तक इस गिरोह से जुड़े 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन संपत्तियों को कुर्क कराने के लिए न्यायालय में प्रक्रिया शुरू कर दी है. जांच में आरोपी की घोषित आय के मुकाबले उसकी संपत्ति कई गुना अधिक पाई गई है. साथ ही वैध आय का कोई स्पष्ट रूप से कुछ सामने नहीं आया.

यह भी पढ़ेंः 6 साल का बच्चा दिनदहाड़े किडनैप, कुछ ही घंटे में दर्दनाक मौत, एक मोबाइल कॉल से खुला राज

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close