CM Bhajan Lal Sharma: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताजा हालातों को लेकर शुक्रवार (27 मार्च) को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक की. इस बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीएम हाउस से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया और प्रदेश में ईंधन व गैस आपूर्ति की स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी. इस बैठक में सीएम भजनलाल ने पीएम मोदी को राज्यों के हालात और आपूर्ति को लेकर पूरी जानकारी साझा की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा समय-समय पर जारी सभी निर्देशों की पूर्ण पालना की है और इन्हीं प्रयासों के चलते प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी हुई है. उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती के निर्णय को राहतकारी बताते हुए आभार व्यक्त किया.
सरकार कर रही है मॉनिटरिंग मजबूत
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री द्वारा तीन बार तथा मुख्य सचिव स्तर पर दो बार बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं. इन बैठकों के माध्यम से जिला स्तर तक मॉनिटरिंग को मजबूत किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रवासी राजस्थानियों से भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया है. साथ ही, एलपीजी और गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रदेश में 24 घंटे हेल्पलाइन नंबर संचालित किए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के पाँच लाख नए कनेक्शन देने की तैयारी कर रही है, जिससे शहरी क्षेत्रों में गैस आपूर्ति को और सुदृढ़ किया जाएगा.
अंत में मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से मिल रहे निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और संबल के लिए प्रदेश की 8 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ेंः लोकसभा में उठा प्रतापगढ़ DMF का मुद्दा, सांसद मन्नालाल रावत ने कलेक्टर पर लगाए काम रोकने के आरोप