विज्ञापन

लोकसभा में उठा प्रतापगढ़ DMF का मुद्दा, सांसद मन्नालाल रावत ने कलेक्टर पर लगाए काम रोकने के आरोप

प्रतापगढ़ में जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर के बीच विवाद की खबरें सामने आती रही हैं हालांकि आज लोकसभा में सांसद ने मुख्य रूप से DMF के कार्यों को रोके जाने का मुद्दा उठाया.

लोकसभा में उठा प्रतापगढ़ DMF का मुद्दा, सांसद मन्नालाल रावत ने कलेक्टर पर लगाए काम रोकने के आरोप
सांसद मन्नालाल रावत

Rajasthan News: लोकसभा के ज़ीरो आवर में उदयपुर से भाजपा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के तहत स्वीकृत विकास कार्यों को रोके जाने का मुद्दा उठाया. उन्होंने प्रतापगढ़ की कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की. सांसद ने कहा कि प्रतापगढ़ में DMF की बैठक में कुल 54 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई थी, जिनमें शिक्षा, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल थे. इन कार्यों को राज्य सरकार से वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद कलेक्टर ने अपनी व्यक्तिगत मर्जी से केवल 3 कार्यों को ही आगे बढ़ने दिया और शेष 51 कार्यों को रोक दिया.

स्कूल की मरम्मत और पेयजल व्यवस्था के काम अटके हुए हैं

उन्होंने कहा कि इससे खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं. खासतौर पर जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत और पेयजल व्यवस्था जैसे जरूरी काम अटके हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि DMF का गठन 2015 के संशोधन के बाद जिला स्तर पर विकास को गति देने के लिए किया गया था. इसका गवर्निंग काउंसिल कलेक्टर की अध्यक्षता में काम करता है लेकिन प्रतापगढ़ में यही व्यवस्था विकास में बाधा बन रही है.

निष्पक्ष जांच की मांग

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और स्वीकृत सभी 54 कार्यों को तुरंत जमीन पर लागू किया जाए. साथ ही उन्होंने यह भी मांग दोहराई कि DMF का अध्यक्ष लोकसभा सांसद को बनाया जाए ताकि प्राथमिकता के आधार पर जरूरी कार्य तय किए जा सकें.

सांसद ने यह भी कहा कि वे पहले भी इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र लिख चुके हैं लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच टकराव के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं.

गौरतलब है कि इस मामले को लेकर पहले भी प्रतापगढ़ में जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर के बीच विवाद की खबरें सामने आती रही हैं हालांकि आज लोकसभा में सांसद ने मुख्य रूप से DMF के कार्यों को रोके जाने का मुद्दा उठाया.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में 28 मार्च को कहां-कहां बारिश और आंधी का अलर्ट, सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close