Pachpadra Refinery Inauguration Postponed: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान का दौरा स्थगित हो गया है. पीएम मोदी मंगलवार, 21 अप्रैल को राजस्थान के बालोतरा आ रहे थे. उनको यहां पर पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करना था. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पचपदरा रिफाइनरी की एक यूनिट में आग लगने के बाद बाद प्रधानमंत्री मोदी के राजस्थान दौरे को स्थगित करने की खबर सामने आई है. उधर पीएम मोदी का दौरा स्थगित होने के निर्णय के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दौरा भी रिशेड्यूल हो गया है.
आज 4 बजे सीएम जाने वाले थे पचपदरा
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आज शाम 4 बजे बालोतरा की पचपदरा रिफाइनरी जाने का कार्यक्रम था, लेकिन रिफाइनरी की एक यूनिट में लगी आग ने सालों से उद्घाटन का इंतजार और बढ़ा दिया है. आग की घटना के बाद पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पीएम मोदी के द्वारा पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण कार्यक्रम को स्थगित करने की जानकारी दी.
लोकार्पण की नई तारीख का कब होगा ऐलान
मंत्रालय की ओर से कहा गया कि आज HRRL रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण 21 अप्रैल 2026 को रिफाइनरी के लोकार्पण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है. आग पर काबू पा लिया गया है. किसी भी तरह की जान-माल की हानि की कोई खबर नहीं है. इस घटना के कारणों का पता लगाने और आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के लिए एक जांच शुरू कर दी गई है. लोकार्पण की नई तारीख की घोषणा उचित समय पर की जाएगी.
Due to an unfortunate fire incident today in the vicinity of the Crude Distillation Unit at the HRRL refinery, the scheduled dedication of the refinery by the Hon'ble Prime Minister on 21.04.2026 has been postponed.
— Ministry of Petroleum and Natural Gas #MoPNG (@PetroleumMin) April 20, 2026
The fire has been brought under control. There are no reports…
रिफाइनरी के उद्घाटन से एक दिन पहले लगी आग
बता दें कि पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन होने से ठीक एक दिन पहले ही एक यूनिट आग लग गई. बताया जा रहा है कि रिफाइनरी की CDU यूनिट में आग लगी. इसके बाद रिफाइनरी में अफरातफरी मच गई. इस घटना से अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि रिफाइनरी कार्यक्रम स्थल से महज़ एक किलोमीटर की दूरी पर ही स्थित है. घटनास्थल से धुएं के घने बादल उठते देखे गए, जिसके बाद रिफाइनरी के अग्निशमन सुरक्षा प्रणालियों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया.
एहतियात के तौर पर, प्रभावित क्षेत्र में काम कर रहे कर्मचारियों को तुरंत वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया. अधिकारियों ने पुष्टि की कि आग पर काबू पाने के लिए मौके पर दमकल की लगभग 20 गाड़ियां भेजी गईं. आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने रिफाइनरी कर्मियों के साथ मिलकर, वहां मौजूद अग्निशमन प्रणालियों का उपयोग करते हुए आग को बुझाने का काम किया.
गौरतलब है कि पीएम मोदी बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी का सुबह लगभग 11.30 बजे उद्घाटन करने वाले थे. जिसके बाद एक जनसभा को भी संबोधित करने का कार्यक्रम था. कार्यक्रम के अनुसार, PM मोदी को राजस्थान में भारत की पहली ग्रीनफ़ील्ड इंटीग्रेटेड रिफ़ाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करना था. इस दौरान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में रिफ़ाइनरी से LPG टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने का था.
टाकाराम जूली ने सरकार को घेरा
इस बीच, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा, "बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी में लगी आग बेहद गंभीर और चिंताजनक है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल इस रिफाइनरी का उद्घाटन करने आ रहे हैं, जिसे कांग्रेस पार्टी ने बनवाया था. उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले इस तरह की घटना, सरकार की जल्दबाजी में की गई व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है."
जूली ने आगे कहा कि भाजपा ने कांग्रेस के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को वर्षों तक अटकाए रखा, जिससे इसकी लागत दोगुनी हो गई. इससे यह संकेत मिलता है कि रिफाइनरी का काम अभी पूरा नहीं हुआ है और इसे केवल प्रचार-प्रसार के मकसद से जल्दबाजी में उद्घाटित किया जा रहा है. अगर मुख्यमंत्री ने झूठे प्रचार से बचने के लिए थोड़ा समय दिया होता, तो शायद इतने महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के आसपास सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक नहीं होती. यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं है, बल्कि सरकार की गंभीर लापरवाही का नतीजा है.
यह भी पढे़ं-
शाहबानो केस से लेकर ट्रिपल तलाक तक... सीएम भजनलाल ने 'महिला विरोधी' विपक्ष के बताए इतिहास
राजस्थान: बस का न फिटनेस, न परमिट, न ही पॉल्यूशन... पुष्कर बस हादसे में हुई मौत का जिम्मेदार कौन?