विज्ञापन
This Article is From Jun 07, 2024

Rajasthan Weather: राजस्थान में बीते 24 घंटे के दौरान तेज आंधी के कारण दीवार और पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत

गुरुवार और शुक्रवार को राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ बरसात हुई. आंधी की वजह से कई जगह पेड़ और मकान गिरने से मां बेटी समेत 4 लोगों की मौत हो गई.

Rajasthan Weather: राजस्थान में बीते 24 घंटे के दौरान तेज आंधी के कारण दीवार और पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत
प्रतीकात्मक फोटो

IMD Alert Of Hailstorm In Rajasthan: राजस्थान में कुछ संभागों में बीते 24 घंटों के दौरान तेज आंधी के कारण हुए विभिन्न हादसों में एक बच्ची और दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गये. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर बाद तेज आंधी के कारण नगर निगम हेरिटेज में लगा 30 फुट ऊंचा पुराना मोबाइल टावर गिर गया, घटना के समय मोबाइल टावर के आसपास कोई मौजूद नहीं था, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ.

पुलिस के अनुसार सीकर में शुक्रवार को धोद थाना क्षेत्र में एक मकान की दीवार ढह गई, जिसमें मनोहर कंवर (57) की मौत हो गई जबकि उनका बेटा जयपाल सिंह (29) घायल हो गया. पुलिस ने कहा कि झुंझुनू के खेतड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार को रात आंधी के कारण एक पेड़ गिरने से उसके नीचे सो रही काजल (11) की मौत हो गई जबकि उसकी मां सावित्री (45) घायल हो गई.

नीम का थाना में पेड़ गिरने से मां बेटी की मौत 

वहीं, नीम का थाना जिले में रात तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी की मौत हो गई जबकि पति घायल हो गया. प्रदेश के कुछ स्थानों में बादल छाये होने के बावजूद अधिकांश हिस्सों में गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को दिन के तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है.

कई जिलों में गिरा तापमान 

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में शुक्रवार को धौलपुर 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा. विभाग ने बताया कि चित्तोड़गढ में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री, अंता बारां में 43.5 डिग्री, कोटा में 43.4 डिग्री, बाडमेर-डूंगरपुर में 43.1 डिग्री, अलवर में 43 डिग्री और अन्य स्थानों पर 42.8 डिग्री से लेकर 39.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.

गंगानगर में शुक्रवार को दिन का तापमान सबसे कम 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग के अनुसार बीती रात राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 24.1 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. राज्य के अनेक हिस्सों में गुरुवार शाम भी तेज आंधी आई थी, जिससे अनेक जगह बिजली के खंभों आदि को नुकसान पहुंचा.

अगले तीन दिन प्रदेश में बारिश-आंधी की संभावना 

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार नए पश्चिमी मौसमी तंत्र का प्रभाव 8-9 जून को भी बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघ गर्जन, आंधी व हल्की बारिश के रूप में जारी रहेगा. वहीं 10 जून से कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने तथा शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Get App for Better Experience
Install Now
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com