विज्ञापन
This Article is From Mar 08, 2026

Rajasthan: परिचित को झांसा देकर नकली जेवर के बदले ठगे 10 लाख रुपये, आरोपी महिला गिरफ्तार

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सोने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने परिचित महिला को नकली गहने गिरवी रखकर ठगा था और पिछले दो साल से फरार चल रही थी.

Rajasthan: परिचित को झांसा देकर नकली जेवर के बदले ठगे 10 लाख रुपये, आरोपी महिला गिरफ्तार
बांसवाड़ा जिले में सोने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

Rajasthan News: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में गढ़ी थाना पुलिस ने सोने के नाम पर बड़ी ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला ने अपनी ही परिचित को भरोसे में लेकर नकली गहने गिरवी रखे और बदले में 10 लाख रुपये ठग लिए. पुलिस करीब दो साल से उसकी तलाश कर रही थी और अब आखिरकार उसे पकड़ने में सफलता मिली है.

पैसों की जरूरत बताकर रचा था ठगी का जाल

गढ़ी थानाधिकारी रमेश मीणा के अनुसार मोर गांव निवासी रेखा लबाना ने वर्ष 2024 में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई थी. रिपोर्ट में बताया गया कि खड़गदा निवासी ममता भाटिया ने रेखा से पहले पहचान बढ़ाई और विश्वास हासिल किया. इसके बाद उसने पैसों की जरूरत बताकर अपने गहने गिरवी रखने की बात कही. रेखा ने भरोसा करते हुए उन गहनों के बदले उसे 10 लाख रुपये नकद दे दिए.

जांच में निकले नकली गहने

काफी समय बीत जाने के बाद भी जब ममता गहने छुड़ाने नहीं आई और लगातार बहाने बनाने लगी, तो रेखा को शक हुआ. इसके बाद उसने गहनों की जांच एक सुनार से करवाई. जांच में सामने आया कि सभी गहने नकली थे. इसके बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस में मामला दर्ज करवाया.

दो साल से फरार थी आरोपी महिला

मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी महिला फरार चल रही थी. पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ममता भाटिया सागवाड़ा क्षेत्र में छिपकर रह रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया.

पहले से भी हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ चेक बाउंस के पांच केस लंबित हैं. इनमें दो स्थाई वारंट दो गिरफ्तारी वारंट और एक जमानती वारंट जारी था.

कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया. कोर्ट के आदेश के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- राजस्थान के पिलानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, अभी और बढ़ेगा तापमान

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com