विज्ञापन

Rajasthan: जैसलमेर में चोरी के बाद चोरों ने लिपस्टिक से लिखा ' दारू रखते हो तो आलू चिप्स भी रखा करो' 

चोर ने घर में पड़ी लिपस्टिक से दीवार पर बड़े अक्षरों में लिखा, “थाने में शिकायत करोगे तो वक्त बर्बाद होगा… रिपोर्ट मत करना, तुम मुझे भूल जाना और मैं तुम्हें भूल जाऊंगा.”

Rajasthan: जैसलमेर में चोरी के बाद चोरों ने लिपस्टिक से लिखा ' दारू रखते हो तो आलू चिप्स भी रखा करो' 

Jaisalmer News: शांत कहे जाने वाले जैसलमेर में चोरी की एक अजीबो-गरीब और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. यहां चोर ने चोरी के बाद दीवार पर लिपस्टिक से मजाकिया और तंज भरा फरमान लिखकर पुलिस और सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए. मामला जैसलमेर शहर की IGNP कॉलोनी का है, जहां सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ के सरकारी आवास को शनिवार देर रात चोरों ने निशाना बनाया. चोर ने घर का ताला तोड़कर लैपटॉप, टीवी, परफ्यूम, कपड़े समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए. हालांकि, चोरी से ज्यादा चर्चा दीवार पर लिखे संदेश की हो रही है.

चोर ने घर में पड़ी लिपस्टिक से दीवार पर बड़े अक्षरों में लिखा, “घर में दारू रख रहे हो तो साथ में आलू चिप्स भी रखा करो.” इतना ही नहीं, उसने पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए लिखा, “थाने में शिकायत करोगे तो वक्त बर्बाद होगा… रिपोर्ट मत करना, तुम मुझे भूल जाना और मैं तुम्हें भूल जाऊंगा.”

चोर ने खुद को “बिहारी बाबू” बताया

दीवार पर लिखे संदेश में चोर ने खुद को “बिहारी बाबू” बताया और यह भी लिखा कि वह मकान मालिक का अन्न खा चुका है, उसे आनंद आया, लेकिन मजबूरी में पहली बार चोरी करनी पड़ी. अंत में धन्यवाद लिखकर चोर मौके से फरार हो गया.

पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए

पीड़ित अधिकारी सोहन जांगिड़ ने बताया कि वे आवश्यक कार्य से शहर से बाहर थे, इसी दौरान चोरी की वारदात हुई. सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए. हालांकि संदेश मजाकिया अंदाज में लिखा गया है, लेकिन पुलिस व्यवस्था पर किया गया तंज अब चर्चा का विषय बन गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोर की तलाश जारी है.''
 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close