Rajasthan News: राजस्थान के अलवर शहर में गुरुवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब अलकापुरी कॉलोनी में जलदाय विभाग की बोरिंग खुदाई के दौरान जमीन से चांदी जैसी चमकदार वस्तु निकलती दिखाई दी. यह खबर कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए.
कीचड़ में उतरकर पत्थर बटोरने लगे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोरिंग से निकल रही कीचड़ और मिट्टी में चमकदार कण और पत्थर नजर आ रहे थे. जैसे ही लोगों को चांदी निकलने की आशंका हुई वैसे ही वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए. कुछ लोग तो कपड़े उतारकर कीचड़ में उतर गए और हाथों से मिट्टी छानकर चमकदार पत्थर इकट्ठा करने लगे. बोरिंग कर्मचारी और आसपास के दुकानदार भी इस भीड़ का हिस्सा बन गए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बना लिए. देखते ही देखते ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया. हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर जमीन से निकल रही यह चमकदार चीज क्या है.
पानी की किल्लत के बीच हो रही थी खुदाई
अलवर जिला लंबे समय से पानी की कमी से जूझ रहा है. यहां सरफेस वाटर की व्यवस्था नहीं होने के कारण अधिकतर लोग ट्यूबवेल पर निर्भर हैं. गर्मी शुरू होने से पहले जलदाय विभाग शहर में कई जगह नई बोरिंग करवा रहा है. इसी क्रम में अलकापुरी कॉलोनी के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास दो दिन पहले खुदाई शुरू हुई थी.
प्रशासन ने शुरू की जांच
स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत पार्षद और प्रशासन को सूचना दी. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जमीन से निकलने वाली चमकदार वस्तु वास्तव में चांदी है या कोई अन्य खनिज. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में एक मटके पानी के लिए भिड़ी महिलाएं, बाल खींचे और कर डाली हाथापाई; देखे वीडियो