Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में विधानसभा को फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. ईमेल के जरिए मिली इस चेतावनी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत विधानसभा परिसर को खाली करवा लिया. मौके पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां पहुंच चुकी हैं और सघन तलाशी अभियान जारी है.
भारी पुलिस जाब्ता और एजेंसियों का सर्च अभियान
धमकी भरा ईमेल देखते ही विधानसभा स्टाफ ने पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS), एटीएस (ATS), दमकल विभाग और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुँचीं. सुरक्षा की दृष्टि से परिसर को खाली करवाया गया और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया. लगभग 2 घंटे तक पार्किंग, गार्डन और सभी कार्यालयों में गहन तलाशी ली गई. काफी सर्च के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और एजेंसियों ने राहत की सांस ली.

ईमेल में मुस्लिम कर्मचारियों और आत्मघाती हमले का जिक्र
जांच में सामने आया कि धमकी देने वाले शख्स ने ईमेल में बेहद आपत्तिजनक बातें लिखी थीं. मेल में मांग की गई कि विधानसभा से सभी मुस्लिम कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया जाए. साथ ही इसमें दावा किया गया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के दो आतंकवादी आत्मघाती हमला करने के लिए जयपुर आए हैं. बता दें कि ठीक 10 दिन पहले भी इसी तरह की धमकी मिली थी.
बैठकों को किया गया स्थगित
विधानसभा में आज होने वाली कुछ महत्वपूर्ण बैठकों को सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया गया. मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक कैलाश वर्मा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय में बात करने और दोषियों को कठोर सजा दिलाने का आश्वासन दिया. फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले अज्ञात शख्स की तलाश में जुट गई है.
यह भी पढ़ें-