विज्ञापन

Rajasthan: ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी से सावधान, राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ई-चालान की जानकारी केवल सरकारी वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in पर ही जांचें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें.

Rajasthan: ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी से सावधान, राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Rajasthan: राज्य में बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनज़र राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने आमजन को सतर्क रहने की सलाह देते हुए एक एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि साइबर अपराधी ऑनलाइन ई-चालान, पेंडिंग चालान, वाहन सूचना अपडेट तथा आरसी/डीएल वेरिफिकेशन के नाम पर फर्जी एसएमएस, लिंक और ई-मेल भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं.

साइबर शाखा के उपमहानिरीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि ठग वाहन चालकों को नकली ई-चालान का मैसेज भेजते हैं, जिसमें चालान नंबर और वाहन नंबर जैसी जानकारी देकर उसे असली जैसा दिखाया जाता है. संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करने पर उपयोगकर्ता फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है. कई मामलों में उस लिंक के माध्यम से मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो जाती है, जिससे कॉल फॉरवर्डिंग, मालवेयर या फिशिंग के जरिए बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी और मोबाइल का अन्य डेटा चोरी किया जा सकता है.

''संदेश भेजकर लोगों को लिंक खोलने के लिए प्रेरित करते हैं''

उन्होंने बताया कि साइबर ठग “Pending Challan”, “Vehicle Info Update” या “RC Details Verify” जैसे संदेश भेजकर लोगों को लिंक खोलने के लिए प्रेरित करते हैं. इन लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल में मालवेयर सक्रिय हो सकता है या फिशिंग पेज खुल सकता है, जिससे बैंक खाते से जुड़ी संवेदनशील जानकारी अपराधियों के हाथ लग जाती है.

पुलिस ने नागरिकों से अपील की

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ई-चालान की जानकारी केवल सरकारी वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in पर ही जांचें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें. इसके साथ ही किसी भी अनजान ऐप या एपीके फाइल को डाउनलोड करने से बचें तथा ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या बैंक पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक पुलिस या परिवहन विभाग कभी भी फोन या मैसेज के माध्यम से इस प्रकार की गोपनीय जानकारी नहीं मांगते.

यदि किसी व्यक्ति के साथ इस तरह की साइबर ठगी होती है या कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in, साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 या 9257510100 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में सूचना देने की सलाह दी गई है.

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close