विज्ञापन
This Article is From Feb 10, 2026

नोट कर लें समय! कल विधानसभा में पेश होगा राजस्थान का बजट, डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने दिया अंतिम रूप

राजस्थान बजट 2026 को डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने अंतिम रूप दे दिया है. कल सुबह 11 बजे विधानसभा में बजट भाषण पढ़ा जाएगा. जानें युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए इस बार क्या होगा खास?

नोट कर लें समय! कल विधानसभा में पेश होगा राजस्थान का बजट, डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने दिया अंतिम रूप
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान की जनता का इंतजार अब खत्म होने वाला है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार का बहुप्रतीक्षित वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट कल यानी बुधवार को विधानसभा में पेश किया जाएगा. प्रदेश की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी सुबह 11 बजे सदन के पटल पर बजट भाषण रखेंगी. मंगलवार को डिप्टी सीएम ने बजट की फाइलों को अंतिम रूप दे दिया है, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही हैं.

अधिकारियों की टीम रही मौजूद

मंगलवार को उपमुख्यमंत्री कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की बारीकियों को अंतिम रूप देते हुए उसे 'लॉक' कर दिया गया. इस महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पल के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ राजस्थान के वित्त विभाग की पूरी कोर टीम मौजूद रही. बैठक में प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया, शासन सचिव वित्त (व्यय) टीना सोनी, शासन सचिव वित्त (बजट) राजन विशाल, शासन सचिव वित्त (राजस्व) कुमारपाल गौतम और निदेशक वित्त (बजट) बृजेश किशोर शर्मा ने बजट के वित्तीय प्रावधानों और प्राथमिकताओं पर गहन चर्चा की.

बजट से क्या हैं बड़ी उम्मीदें?

इस बजट से प्रदेश के हर वर्ग—चाहे वो किसान हो, युवा हो या गृहणी—को भारी उम्मीदें हैं. 'विकसित राजस्थान @2047' के लक्ष्य के साथ सरकार इस बार संतुलन साधने की बड़ी चुनौती का सामना करेगी.

1. युवाओं के लिए 'रोजगार का पिटारा'

बढ़ती बेरोजगारी को देखते हुए सरकार सरकारी भर्तियों का एक नया 'भर्ती कैलेंडर' जारी कर सकती है. इसके अलावा स्किल ट्रेनिंग और निजी क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर युवाओं को नए अवसर देने की घोषणा संभव है.

2. महिलाओं और बुजुर्गों को राहत

पेंशन योजनाओं में बढ़ोतरी, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़े ऐलान हो सकते हैं. महिलाओं के लिए विशेष स्वरोजगार योजनाओं की भी उम्मीद है.

3. किसानों और गांवों का विकास

खेती, सिंचाई और पशुपालन सरकार की प्राथमिकता में रहेंगे. गांवों में बुनियादी ढांचा सुधारने और नई कृषि तकनीक के लिए बड़ी सब्सिडी की घोषणा की जा सकती है.

4. दौड़ेंगे एक्सप्रेसवे, चमकेगा शहर

सड़क, एक्सप्रेसवे और शहरी विकास पर भारी निवेश की उम्मीद है. मेट्रो विस्तार और नई पेयजल योजनाओं (जैसे ERCP) के लिए बड़े फंड का प्रावधान किया जा सकता है.

5. जल संरक्षण और पर्यावरण पर फोकस

राजस्थान में पानी की कमी को देखते हुए 'जल संरक्षण' की पुरानी योजनाओं को बजट बढ़ाया जा सकता है. साथ ही पर्यावरण को बचाने के लिए नए ग्रीन प्रोजेक्ट्स की घोषणा संभव है.

सरकार के सामने 'आर्थिक संतुलन' की चुनौती

बजट में केवल घोषणाएं ही नहीं, बल्कि सरकार की आर्थिक सेहत पर भी ध्यान दिया जाएगा. सरकार फालतू खर्चों में कटौती कर घाटे को कम करने की कोशिश करेगी. जीएसटी (GST) वसूली में सख्ती और आय के नए स्रोत खोजे जाएंगे ताकि राज्य को उधार कम लेना पड़े. कुल मिलाकर यह बजट विकास और वित्तीय अनुशासन के बीच एक संतुलन बनाने की कोशिश होगा, ताकि राज्य की आर्थिक हालत सुदृढ़ बनी रहे.

कब और कहां देखें बजट?

बुधवार, 11 फरवरी 2026 को राजस्थान का बजट पेश किया जाएगा, जिसकी शुरुआत सुबह 11:00 बजे से जयपुर स्थित राजस्थान विधानसभा में होगी. प्रदेशवासी इस महत्वपूर्ण वित्तीय घोषणा को विधानसभा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के साथ-साथ NDTV राजस्थान न्यूज चैनल पर भी लाइव देख सकेंगे, जहां बजट के हर छोटे-बड़े प्रावधान की निरंतर और विस्तृत अपडेट मिलती रहेगी. साथ ही उस बजट पर लोगों की प्रतिक्रिया भी आपको बताई जाएगी.

ये भी पढ़ें:- भजनलाल सरकार के तीसरे बजट में खुलेगा सौगातों का पिटारा, डिप्टी सीएम बैरवा ने दिए बड़े संकेत

LIVE TV देखें

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com