विज्ञापन
This Article is From Jun 06, 2025

राजस्थान में कैब चालकों की हड़ताल के बाद अब चक्काजाम की तैयारी, 5 सूत्रीय मांग पत्र पर अड़े ड्राइवर

चालकों का कहना है कि उन्होंने राज्य सरकार और प्राइवेट कैब कंपनियों को अल्टीमेटम दे दिया था. सरकार अगर गीग वर्कर्स कानून को ठीक से लागू कर देती तो आज हमें सड़कों पर नहीं उतरना पड़ता.

राजस्थान में कैब चालकों की हड़ताल के बाद अब चक्काजाम की तैयारी, 5 सूत्रीय मांग पत्र पर अड़े ड्राइवर

Cab Drivers Strike: राजस्थान में विभिन्न कंपनियों से जुड़े कैब चालकों की हड़ताल लगातार पांचवें दिन भी जारी रही. सारथी संघर्ष समिति की अगुवाई में चल रही इस हड़ताल को लेकर अब तक राज्य सरकार या कंपनियों की ओर से कोई वार्ता नहीं हुई है. इससे नाराज कैब संचालकों ने अब आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है. जयपुर प्रेस क्लब में संघर्ष समिति की बैठक हुई, जिसमें आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई. बैठक के बाद समिति ने ऐलान किया कि अब कैब चालक सड़कों पर उतरकर चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन करेंगे.

सरकार और कंपनियों से नहीं हुई बातचीत

संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने NDTV से बातचीत में कहा कि 5 दिन हो गए हैं. ना सरकार ने बुलाया, ना कंपनियों ने बात की. हमारी मांगें पूरी तरह जायज हैं, लेकिन कोई समाधान निकलता नहीं दिख रहा. चालकों का कहना है कि उन्होंने राज्य सरकार और प्राइवेट कैब कंपनियों को अल्टीमेटम दे दिया था, जो अब समाप्त हो चुका है. अगर सरकार गीग वर्कर्स कानून को ठीक से लागू कर देती तो आज हमें सड़कों पर नहीं उतरना पड़ता.

जयपुर में चक्काजाम की चेतावनी

संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि जल्द ही राजधानी जयपुर की सड़कों पर चक्काजाम किया जाएगा. उन्होंने साफ किया कि यह फैसला मजबूरी में लिया गया है. हम जानते हैं कि जनता को असुविधा हो रही है, लेकिन हम गाड़ियों की किस्तें नहीं चुका पा रहे, कमाई नहीं हो रही, ऐसे में आंदोलन तेज करना ही विकल्प बचा है.

5 सूत्रीय मांग पत्र पर अड़े कैब चालक

गाड़ी मालिकों के लिए न्यूनतम किराया सुनिश्चित किया जाए. गीग वर्कर्स कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए. कंपनियों की मनमानी कमिशन दरों पर रोक लगे. ट्रीप के पेमेंट्स में पारदर्शिता सुनिश्चित हो. ड्राइवरों को बीमा, पीएफ, मेडिकल जैसे सामाजिक सुरक्षा लाभ मिलें.

ये भी पढ़ें- जयपुर में 3 दिन से हड़ताल पर क्यों कैब ड्राइवर? विरोध प्रदर्शन कर रहे चालकों ने बताया अपना दर्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com