AI Traffic Light Udaipur: राजस्थान के उदयपुर जिले के फतहपुरा चौराहे पर अब घंटों जाम में फंसने के दिन लदने वाले हैं. यहां राजस्थान का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाला ट्रैफिक सिग्नल (AI Traffic Signal) लगाया गया है. इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह किसी फिक्स टाइम पर नहीं चलता, बल्कि यह खुद देखता है कि किस तरफ गाड़ियां ज्यादा हैं. पिछले 4 महीनों से इसका ट्रायल चल रहा था, जो अब पूरी तरह सफल हो गया है.
कैसे काम करता है यह AI सिग्नल?
इस चौराहे पर हाई-क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे कंप्यूटर की मदद से सड़क पर खड़ी गाड़ियों की गिनती करते हैं. मान लीजिए एक तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन है और दूसरी तरफ सड़क खाली है, तो यह एआई सिस्टम तुरंत खाली सड़क वाली लाइट लाल कर देगा और जहां भीड़ है उसे हरा कर देगा. पहले हर लेन के लिए 2 से ढाई मिनट का लंबा इंतजार करना पड़ता था. लेकिन अब गाड़ियों की संख्या के हिसाब से सिर्फ 10 से 60 सेकंड में ही रास्ता साफ हो जाता है.
समय के साथ पेट्रोल की भी बचत
उदयपुर की ही एक स्थानीय कंपनी ने इस सिस्टम को बनाया है. कंपनी के सदस्य उदय शुक्ला ने बताया कि 4 महीने के ट्रायल में इस चौराहे से करीब 50 लाख वाहन निकले. डेटा से पता चला है कि इस नई तकनीक से लोगों का न केवल कीमती समय बचा, बल्कि गाड़ियों का पेट्रोल भी कम खर्च हुआ और शहर में प्रदूषण भी घटा है. हालांकि, शुरू-शुरू में लोगों को थोड़ी उलझन हो रही है क्योंकि उन्हें पुराने टाइमर वाले सिग्नल की आदत है, पर धीरे-धीरे सब समझ जाएंगे.
हथियार बंद लोगों और बिना हेलमेट वालों की खैर नहीं
आने वाले दिनों में यह सिस्टम और भी स्मार्ट होने वाला है. इसमें कुछ नए अपडेट्स किए जा रहे हैं, जिससे अगर कोई व्यक्ति चौराहे पर हथियार लेकर निकलता है, तो कैमरा उसे तुरंत पहचान लेगा. साथ ही, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने वालों का भी यह सिस्टम ऑटोमैटिक चालान काट देगा. इसकी रिपोर्ट पुलिस विभाग को दे दी गई है और जल्द ही इसे पूरे शहर में लागू करने पर फैसला लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें:- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बड़ा ऐलान, अब 'फार्मर आईडी' से मिलेगी खाद और सरकारी मदद