राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को जयपुर के दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र में सरपंच संघ के कार्यक्रम में शामिल हुए. सीएम भजनलाल ने सरपंच संघ के अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में 1.44 लाख सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया जारी है. सरकार ने एक लाख भर्तियों का भर्ती कैलेंडर भी जारी किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द राजस्थान के दौरे पर आएंगे और उस कार्यक्रम में 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे.
पेपर लीक को लेकर कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में हर परीक्षा का पेपर लीक होता था. पिछले दो साल में एक भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरपंचों से संवेदनाओं के साथ काम करने की अपील की और कहा कि व्यक्ति भाव अभाव और प्रभाव तीन कारणों से जनप्रतिनिधि के पास आता है. हर काम संभव नहीं होता, लेकिन लोगों को सुनना जरूरी है. उन्होंने कहा कि गुड़ न दें तो गुड़ जैसी बात जरूर करनी चाहिए.
सरपंचों से सीएम भजनलाल ने अपील
सीएम भजनलाल ने खुद को भी एक सेवक बताते हुए कहा कि सेवक की तकलीफ सेवक ही समझ सकता है. वह 2000 से 2005 तक सरपंच रह चुके हैं. सरपंच पद पर रहते हुए बने रिश्ते जीवनभर साथ चलते हैं. सरकार ने प्रदेश में 3467 नई पंचायतों का गठन किया है. पंचायत गठन अब नीति और जनसंख्या के आधार पर किया गया है. रेगिस्तानी जिलों में 1500 और अन्य क्षेत्रों में 2500 की आबादी पर पंचायत का नियम बनाया गया है.
आज दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र में आयोजित निवर्तमान सरपंच (प्रशासक) प्रदेश अधिवेशन को संबोधित किया।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) February 2, 2026
इस अवसर पर सभी निवर्तमान सरपंचों ने VB-G RAM G अधिनियम लागू करने के ऐतिहासिक निर्णय हेतु माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।… pic.twitter.com/hHri85vGq1
'कांग्रेस ने मुंह देखकर काम किया'
निवर्तमान सरपंच (प्रशासक) प्रदेश अधिवेशन के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा मुंह देखकर काम किया. वर्तमान सरकार नियमों के आधार पर काम कर रही है ताकि सबको लाभ मिले. उन्होंने कहा कि वीबीजी रामजी योजना (VB G RAM G) के तहत अब 100 की जगह 125 दिन रोजगार मिलेगा. नरेगा में पहले 85 हजार करोड़ का बजट था, जिसे बढ़ाकर 95692 करोड़ किया गया है. ग्राम सभा के प्रस्ताव से अब पक्के काम कराए जा सकेंगे. स्कूल अस्पताल भवन और बाउंड्री की मरम्मत जैसे कार्य भी योजना में संभव होंगे.
यह भी पढे़ं-
सीएम भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को लगाई फटकार, जन सुनवाई में कहा- लापरवाही पर जिम्मेदारी तय की जाए